ससुर बेटी को घर लाया तो सेना से रिटायर्ड दामाद ने सास को मारे चाकू, पीजीआई रेफर
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। बुधवार सुबह गांव रतनहेड़ी स्थित घर में दाखिल हुए दामाद ने अपनी सास पर चाकू से वार कर दिया। महिला को सिर, हाथों व बाजूओं पर चाकू लगा है। लहूलुहान हालत में उसे कैंट सिविल अस्पताल लाया गया, जहां से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। महिला के पति की शिकायत पर आरोपी दामाद को काबू कर लिया गया है। उसे वीरवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
गांव रतनहेड़ी निवासी 65 वर्षीय कमला देवी सुबह अपने घर में सो रही थी। इस बीच कमला देवी का दामाद 37 वर्षीय पूर्व सैनिक विजयपाल घर में आया और उसने सास पर चाकुओं से वार करने शुरू कर दिए, जिसमें वह घायल हो गई। घर में मौजूद कमला देवी के पति गुरदयाल व अन्य ने आरोपी को पकड़ा। इसके बाद कमला देवी को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। शिकायत में गुरदयाल ने बताया कि डेरा सलीमपुर निवासी विजयपाल आठ माह पहले ही सेना से रिटायर्ड हुआ है। मगर वह उसकी बेटी कुसुम को मारता पीटता था। कुसुम के दो बच्चे भी हैं। दामाद द्वारा लगातार मारपीट करने की वजह से गत दिनों वह बेटी को घर लाया था। इसी बात को लेकर विजयपाल खफा था।