युवक के चेहरे पर ईंटों से वार कर उतारा मौत के घाट
फोटो - 42 व 43
भाई ने बताया, दो साल पहले जसविंद्र ने नशे में बलविंद्र के सिर पर मारा था चिमटा, तभी से रंजिश रखने लगा था आरोपी बलविंद्र
पुलिस ने तीन के खिलाफ केस दर्ज कर शुरू की जांच
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। थाना पंजोखरा साहिब के गांव फतेहगढ़ के एक युवक के चेहरे पर ईंटों से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। बुधवार दोपहर पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के हवाले किया गया। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना पंजोखरा साहिब के गांव फतेहगढ़ में रहने वाला 27 वर्षीय जसविंद्र पेंटिंग का काम करता था। जसविंद्र के भाई राजेश ने बताया कि मंगलवार देर शाम जसविंद्र को उसके साथ काम करने वाले बलविंद्र, सोनू व गोल्डी घर से बुलाकर अपने साथ गांव के बस अड्डे पर बनी मीट की दुकान ले गए। देर रात तक जसविंद्र घर नहीं आया तो वह अपने पिता नैब सिंह के साथ जसविंद्र की तलाश में निकल पड़े। राजेश ने बताया कि उन्हें रास्ते में गांव के ही रवि ने बताया कि उसके भाई को बस अड्डे पर कुछ लोग मार रहे हैं तो वह अपने पिता के साथ फतेहगढ़ बस अड्डे पर पहुंचा। राजेश ने बताया कि वहां दो लड़के उसके भाई जसविंद्र को पकड़े हुए थे और बलविंद्र ईंट से उसके भाई के चेहरे पर हमला कर रहा था। उन्हें आता देख आरोपी फरार हो गए। राजेश ने बताया कि जब वह वहां पहुंचे तो उसके भाई जसविंद्र की मौत हो चुकी थी। इसके बाद सरपंच को सूचना दी व सरपंच ने पुलिस चौकी पटवी को सूचित किया। सरपंच ने कहा कि उन्हें मामले की सूचना होते ही पुलिस को सूचित कर दिया था। मामला पंजोखरा पुलिस के हवाले कर दिया गया।
दो साल पहले से थी रंजिश
राजेश ने बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व उसका भाई जसविंद्र अपने दोस्त बलविंद्र व कर्मचंद के साथ पंजाब के संगरूर में एक फैक्ट्री में काम करने गया था। राजेश ने बताया कि वहां बलविंद्र व जसविंद्र का शराब के नशे में झगड़ा हो गया। उसने बताया कि वहां जसविंद्र ने नशे में बलविंद्र के सिर पर चिमटे से हमला कर दिया था, जिसके बाद से बलविंद्र रंजिश रखने लगा था। राजेश ने आरोप लगाया कि बलविंद्र ने उसी रंजिश के तहत उसकी भाई की हत्या की है।
दो माह बाद होनी थी शादी
राजेश ने बताया कि दो माह बाद गांव ताजेवाला में जसविंद्र की शादी थी। शादी की तैयारियां की जा रही थी, लेकिन उससे पहले ही शादी की खुशियां मातम में बदल गई।
आरोपी गिरफ्त से बाहर
पंजोखरा थाना एसएचओ दीपक कुमार ने बताया कि मामले में राजेश की शिकायत पर बलविंद्र और दो अन्यों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभी आरोपी गिरफ्त से बाहर हैं। उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।