नारायणगढ़ (अंबाला)। बिजली निगम की लापरवाही के कारण 52 वर्षीय एक ट्रक चालक हरबंस लाल की शुक्रवार को करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार ट्रक पर पोकलेन मशीन लोड थी जोकि टोका साहिब ले जाई जा रही थी। बिजली के हाई टेंशन तारों से लगने पर यह हादसा हुआ। यहां के पार्षद ने बिजली के ढीली तारों को सही करने के लिए बिजली निगम को कई बार-बार सूचना दी थी, इसके बावजूद कार्रवाई नहीं हुई थी।
नारायणगढ़ के कॉलेज रोड पर हाईटेंशन तार ढीले पड़े हैं। शुक्रवार को एक ट्रक यहां से गुजर रहा था, जिस पर पोकलेन मशीन लोड थी। ट्रक चालक के साथ पोकलेन मशीन का चालक भी सवार था। जब ट्रक ढीले तारों के पास पहुंचा तो ट्रक से पोकलेन मशीन का चालक नीचे उतर गया। कुछ समय बाद पोकलेन मशीन तारों के साथ छू गई। ट्रक चालक हरबंस लाल निवासी दानीपुर ने जैसे ही ट्रक से बाहर निकलने की कोशिश की तो उसको जबरदस्त करंट लगा और वह बाहर जा गिरा। इसके बाद उसने मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। आसपास के लोग एकत्रित होने पर बिजली निगम को सूचना देकर बिजली बंद करवाई गई।
तूफान के कारण पेड़ गिरने से टूटा था खंभा, ढीले हो गए थे तार
बीते दिन आए तूफान के कारण सफेदे का पेड़ बिजली की तारों पर गिर गया था, जिससे खंभे टूट गए थे। इस कारण रोड पर तार लटक गए थे। वार्ड के पार्षद पति नरेंद्र शर्मा ने बिजली निगम को बार-बार फोन कर यह तार ठीक करने की शिकायत की थी, लेकिन निगम अधिकारियों ने तार ठीक नहीं किए, जिस कारण यह हादसा हुआ। वहीं चौकी इंचार्ज बलकार के अनुसार मृतक ट्रक चालक के शव को सिविल अस्पताल के शव ग्रह में रखवा दिया है। परिजनों को सूचना दी गई है।
तूफान की वजह से इलाके में काफी नुकसान हुआ है। इस दौरान काफी फोन मेरे पास आए थे, जिन्हें रिसीव किया था। यदि पार्षद पति ने फोन किया हो तो मुझे इसकी जानकारी नहीं, क्योंकि उस दिन बहुत फोन आए थे। इस मामले को लेकर जांच कराई जाएगी।
- गुरबाज सिंह, एसडीओ, नारायणगढ़।