नारायणगढ़ (अंबाला)। क्षेत्र में बुधवार देर शाम आए तूफान के चलते नारायणगढ़-कालाअंब मार्ग (एनएच-7) पर स्थित गांव हमीदपुर के निकट सफेदे का पेड़ गिरने से स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मुलाना में भी रात्रि एक ट्रक चालक पेड़ से टकरा गया। हालांकि चालक के हताहत होने से बचाव रहा। तूफान की वजह से कई स्थानों पर पेड़ गिर गए।
जानकारी के अनुसार 26 वर्षीय अमन सैनी पुत्र प्रवीन सैनी निवासी बड़ा त्रिलोकपुर (हिमाचल प्रदेश) बुधवार की देर शाम एक्टिवा पर सवार होकर नारायणगढ़ से त्रिलोकपुर जा रहा था। गांव हमीदपुर के निकट आए तेज तूफान के चलते एक सफेदे का पेड़ उसके आ गिरा। हादसा इतना भयावह था कि पेड़ गिरने से युवक की गर्दन धड़ से अलग होकर एक तरफ गिर गई। मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कार्रवाई आरंभ कर दी थी। इस दौरान पेड़ रोड पर गिरने के कारण जाम लग गया। इसके बाद पेड़ को रोड से हटाया गया और जाम खुलवाया गया।
इसी तरह तेज हवाओं के साथ हुई हल्की बूंदाबांदी में सरदहेड़ी गांव के पास एक ट्रक चालक से नियंत्रण खो बैठा, जिस कारण ट्रक सड़क किनारे खड़े पेड़ में जा लगा। इससे पेड़ ट्रक पर गिर गया। हालांकि किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ। ट्रक चालक जीता सिंह ने बताया कि ट्रक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। तूफान में कई पेड़ गिर गए जिन पेड़ों की जड़े आग लगने से कमजोर पड़ चुकी थी।
इकलौता पुत्र था अमन
अमन सैनी अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और त्रिलोकपुर में स्थित माता बाला सुंदरी मंदिर द्वार के सम्मुख प्रशाद बेचकर घर का गुजर-बसर करता था। चार वर्ष पूर्व अमन की शादी हुई थी। उसकी पत्नी आठ माह की गर्भवती है।
जनजीवन हुआ अस्तव्यस्त
क्षेत्र में आए तूफान से जीवन अस्त-व्यस्त रहा। तेज हवाओं के कारण सड़कों पर, जहां पेड़ गिर गए। वहीं घंटों बिजली सप्लाई भी चौपट रही। हालांकि वन विभाग व बिजली विभाग के कर्मियों ने सड़कों से पेड़ों को हटाने व बिजली आपूर्ति दुरुस्त करने में मुस्तैदी और तत्परता दिखाई। वीरवार दोपहर तक कई इलाकों में बिजली गुल रही।
पेड़ गिरने से ट्रांसफार्मर और खंभे हुए क्षतिग्रस्त
रात्रि लाहा-मंडलाये रोड पर पेड़ गिरने से बिजली के कुछ ट्रांसफॉर्मर और खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। इसके कारण बुधवार को रातभर और वीरवार को दिन में बिजली गुल रही। बिजली विभाग ने क्षतिग्रस्त पोल को बदलने का कार्य युद्धस्तर पर चला रखा था। गांव लाहा में खालसा फर्नीचर हाउस की बिल्डिंग और इसके पीछे बने पशुओं के शेड को काफी नुकसान हुआ। फर्नीचर हाउस के शीशे और अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गया। मालिक दर्शन सिंह ने बताया कि तूफान के कारण उनका लाखों रुपये का नुकसान हो गया। उधर दूसरी ओर इस तूफान की चपेट में आकर एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई।