पेड़ से लटका मिला अधेड़ का शव, पहचान नहीं
मुलाना। ग्रामीणों को हेमा माजरा मोड़ के पास खेतों में संदिग्ध हालात में बुधवार सुबह एक शव पेड़ से लटका दिखाई दिया। शव लगभग 50 वर्षीय व्यक्ति का था, जिसकी शिनाख्त नहीं हो पाई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची मुलाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई आरंभ कर दी है।
जानकारी अनुसार बुधवार सुबह सैर पर गए ग्रामीणों ने हेमा माजरा मोड़ के पास एक शव को पेड़ से लटका पाया। ग्रामीणों ने सूचना मुलाना सरपंच नरेश चौहान को दी। नरेश चौहान ने तुरंत मुलाना पुलिस को फोन कर सूचना दी। मुलाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को पेड़ से उतारा। आसपास एकत्रित लोगों से शव के बारे पूछा गया लेकिन किसी को भी शव की पहचान नहीं थी। किसानों सहित मजदूरों से पूछताछ की गई, लेकिन शव संबंधित कोई जानकारी प्राप्त न हो सकी। पुलिस द्वारा शव की तलाशी लेने पर उसकी जेब से पटना की रेलवे टिकट मिली है। मुलाना पुलिस ने शिनाख्त के लिए शव को एमएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। मामले के जांच अधिकारी रणजीत सिंह ने कहा कि शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।