ससुर ने विधवा महिला से किया दुष्कर्म
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ किया केस दर्ज, महिला का कराया मेडिकल
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। व्यक्ति द्वारा अपने बेटे की विधवा पत्नी से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। इसकी पीड़िता ने महिला थाना पुलिस को शिकायत सौंपी है। पुलिस ने पीड़िता के बयान पर ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
38 वर्षीय पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसकी शादी अंबाला के सुल्तानपुर में करीब 15 साल पहले हुई थी। चार साल पहले उनके पति की मृत्यु हो गई। इस दौरान उनके ससुर कस्तूरी लाल ने कुछ समय पूर्व उसके साथ छेड़खानी की, लेकिन अन्य लोगों के बीच ससुर ने अपनी गलती मानते हुए माफी मांग ली। पीड़िता ने बताया कि एक महीने पहले उसकी सास की मृत्यु हो गई जिसके बाद फिर से उसका ससुर उस पर बुरी नजर रखने लगा। शनिवार सुबह जब वह किचन में चाय बना रही थी। तभी ससुर ने उससे अश्लील हरकत की जिस पर शोर मचाने पर जाने से मारने की धमकी देते हुए उसे जबरन कमरे में ले गया। जहां ससुर ने उनके साथ दुराचार किया, साथ ही किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने बताया कि उसके बाद उसने अपने परिवार के सदस्यों को आपबीती बताई। फिलहाल पुलिस ने महिला का मेडिकल करवा कार्रवाई शुरू कर दी है।