मोती की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली, हिसार में छापेमारी
महिला पर एसिड फेंकने का मुख्यारोपी है मोती, अब तक दो आरोपियों की हो चुकी गिरफ्तारी
अंबाला सिटी। शहर के सेक्टर-7 में करीब 10 दिन पूर्व एसिड अटैक के मामले में मुख्यारोपी मोती अभी भी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। मुख्यारोपी मोती की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है। बता दें कि करीब 10 दिन पूर्व शहर के सेक्टर-7 में किराए के मकान में रहने वाली कविता जब अपने कार्यालय से घर आ रही थी तो उस पर बाइक सवार युवकों ने एसिड फेंक दिया था जिसके बाद कविता को पीजीआई रेफर किया गया था।
पुलिस ने मामले में जांच करते हुए दो आरोपी हांसी की वोगा राम कॉलोनी के अरुण को हांसी से व वकील कॉलोनी हांसी के नितिन कुमार को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया था। इसके बाद से ही पुलिस मुख्यारोपी मोती की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करने लगी। डीएसपी अजीत सिंह ने बताया कि पुलिस मोती की तलाश में दिल्ली, हिसार व आसपास के इलाकों में छापेमारी कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यारोपी जल्द पुलिस गिरफ्त में होगा।