अमर उजाला ब्यूरो
मुलाना। दोसड़का स्थित एक साबुन की फैक्ट्री में बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने मालिक पर हमला कर घायल कर दिया और 75 हजार रुपये लूट लिए। इस दौरान वर्करों ने विरोध किया तो हमलावर तलवार और बाइक छोड़कर फरार हो गए। हमलावरों में दो नाबालिग भी हैं। पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। वारदात बुधवार देर सायं की है।
पीड़ित बाबूराम निवासी थंबड़ ने पुलिस को शिकायत दी कि दोसड़का में उसकी साबुन की फैक्ट्री है, जहां वह अपने परिवार वालों व मजदूरों के साथ काम कर रहा था। अचानक कुछ हथियारबंद हमलावर फैक्ट्री में घुस आए और बाबू राम पर तलवार से वार कर दिया, जिससे बाबू राम घायल होकर गिर पड़े। फैक्ट्री में काम कर रहे परिजन व मजदूरों ने उनका विरोध किया। इस पर उनकी हमलावरों के बीच छीनाझपटी के दौरान हमलावरों की एक तलवार व मोटरसाइकिल हाथ लग गई। हमलावर खुद को फंसता देख भाग निकले। भागते समय हमलावरों का घायल के परिजनों व मजदूरों ने पीछा किया, लेकिन यह सभी फरार हो गए।
जांच अधिकारी धर्मबीर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले में दो आरोपी जुवेनाइल हैं। वहीं दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फरार पांचवें आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।