पटियाला के ध्यानार्थ.........
सराफा कारोबारी की हत्या का मास्टर माइंड गिरफ्तार
फोटो नंबर : 35
सुनार संदीप ने रची थी साजिश, सुनील जैन की दुकान में लूट के इरादे से दाखिल हुए थे बदमाश, संदीप भी कुछ दूरी पर था मौजूद
हत्याकांड के तार पंजाब के पटियाला से जुड़े, आरोपी की ससुराल है समाना में, वहीं के युवकों संग मिलकर दिया वारदात को अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। सराफ सुनील जैन की हत्या लूट के इरादे से की गई थी। हत्याकांड का मास्टर माइंड कोई और नहीं बल्कि सिटी छोटा बाजार का ही सुनार संदीप उर्फ टिंकू निकला। वारदात से पहले उसने मौके की रेकी साथियों के साथ मिलकर की थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस को संदीप की गतिविधियां संदिग्ध लगी, वह मौके पर ही मौजूद था। जांच को आगे बढ़ाया मामले में उसकी संलिप्तता मिली जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उससे प्रारंभिक पूछताछ में मामले के तार पंजाब के पटियाला से जुड़े पाए गए हैं। पटियाला के समाना में संदीप की ससुराल है और बाकी आरोपी वहीं के हैं। पुलिस संदीप को सोमवार को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करने का प्रयास करेगी।
सूत्रों के अनुसार पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज में संदीप की गतिविधि संदिग्ध लगी तो उसके मोबाइल को ट्रेस किया गया, साथ ही उसकी दुकान व घर के बारे में भी जानकारियां जुटाईं गईं। वारदात शाम को हुई थी और बेधड़क आरोपी वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। इससे साफ था कि वारदात करने वाले आरोपी स्थानीय निवासी नहीं थे क्योंकि उन्हें पहचाने जाने का कोई खतरा नहीं था जबकि संदीप आगे न होकर पीछे खड़ा पूरी वारदात की निगरानी कर रहा था। शक पुख्ता होने पर रविवार को पुलिस ने संदीप को गिरफ्तार कर लिया। बताते हैं कि प्राथमिक पूछताछ में उसने कुछ अन्य आरोपियों के नाम भी बताए हैं जिनकी तलाश में छापेमारी आरंभ कर दी गई है।
दो वर्ष पहले हुआ था नुकसान
पूछताछ में पुलिस को पता चला कि 42 वर्षीय संदीप को करीब दो वर्ष पहले सुनार के कारोबार में भारी नुकसान हुआ था। इसके बाद वह मंदी में चल रहा था। सूत्रों के अनुसार ससुराल समाना में उसका काफी आना-जाना था और वहीं वह कुछ युवकों के संपर्क में आया। इसके बाद संदीप ने अन्य साथियों के साथ मिलकर सुनील जैन की दुकान की रेकी की। वारदात के दौरान सुनील कुछ दूरी पर ही था।
कोट्स
जांच के दौरान आरोपी संदीप उर्फ टिंकू की संलिप्तता पाई गई है जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी ससुराल समाना है और वहीं के युवकों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस जल्द शेष आरोपियों को काबू करेगी। वारदात लूट के इरादे से की गई थी।
-आस्था मोदी, एसपी, अंबाला।
बाक्स
फोटो नंबर 15, 16
स्वर्णकार संघ व सराफा एसोसिएशन ने उठाई आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग
दूसरे दिन भी बंद रहा सर्राफा बाजार
घटना के विरोध में रविवार सुबह भी सराफा बाजार बंद रहा। सराफा बाजार एसोसिएशन और स्वर्णकार संघ ने अलग-अलग पत्रकारवार्ता कर रोष जताया व जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि मामले को लेकर वह विधायक से मिले हैं और उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
स्वर्णकार संघ हरियाणा अंबाला सिटी के प्रधान जोगिंद्र वर्मा व जिला प्रवक्ता देवेंद्र वर्मा ने एसपी के बयान पर रोष जताया। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्वक आंदोलन करना मौलिक अधिकार है। पिछले साल कुछ लुटेरे सोना कारोबारी की आंखों में मिर्ची डालकर गहने लेकर फरार हो गए थे और फरवरी 2018 में अग्रसेन चौक तनिष्क ज्वेलर्स से चेक द्वारा ठगी करके गहने ले लिए थे। वहीं ऐसे ही कई मामले ओर सामने आ चुके हैं लेकिन किसी भी वारदात को पुलिस अब तक सुलझा नहीं पाई जिसके चलते आरोपी बेखौफ घूम रहे हैं। सुरक्षा को लेकर स्वर्णकार संघ के प्रतिनिधिमंडल ने एसएचओ अजीत कुमार से मिलते हुए अपनी मांगों को रखा था, लेकिन उनकी मांगें अभी तक नहीं मानी गई हैं। साथ ही डीसी शरणदीप कौर बराड़ से भी लाइसेंसी हथियार के लिए मिले थे जिसके बाद उन्होंने लाइसेंस बनवाने के निर्देश भी दिए थे लेकिन फाइलें धूल फांक रही हैं। इस अवसर पर दीपक वर्मा, मदन लाल, तरसेम लाल, जसपाल वर्मा, विजय कुमार, श्याम लाल, सुरेंद्र, राजकुमार राजा, रमेश कुमार, उत्पल मलिक, बालकिशन, जनार्दन, श्याम लाल वर्मा, विकास वर्मा, नरेश वर्मा, संजीव कुमार मौजूद रहे।