सेना में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जीवाड़ा करने वाले आरोपी पुलिस रिमांड पर
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला। थाना पड़ाव क्षेत्र में धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने आरोपी नारंग निवासी गांव तुसारा कुल्ह थाना माछी जिला पियूथान (नेपाल) व कृष्ण उर्फ केबी थापा निवासी गांव कुलागढ़ थाना देहरादून को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उनका छह दिन का पुलिस रिमांड मंजूर किया गया है।
शिकायतकर्ता पदम निवासी गाव धर्मावटी थाना बागदूला (नेपाल) ने रविवार को थाना पड़ाव में शिकायत दर्ज करवाई थी कि आरोपियों ने 3 दिसंबर 2018 को होटल वेल्कम लालकुर्ती बाजार अंबाला छावनी में उसे व उसके मित्र को आर्मी विभाग में सरकारी नौकरी दिलवाने के लिए एक बड़ी रकम ली थी। रकम लेने के दो माह उपरांत उन्हें न तो नौकरी दिलवाई बल्कि रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी है। इस शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू की है।