बच्चा चोरी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, लेकिन अभी तक किसी भी मामले में पुष्टि नहीं हो सकी है। पांच दिन में बच्चा चोरी के करीब 6 मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन सभी मामलों में अभी तक पुष्टि नहीं हो सकी। हालांकि एसपी ने भी इन वारदातों को अफवाह करार देते हुए लोगों से ऐसी अफवाह न फैलाने की अपील की।
शुक्रवार को भी सुबह करीब 9 बजे गांव शाहपुर मच्छौंडा में कुछ ऐसा ही हुआ जब एक युवक को गांववासियों ने बच्चा चोर समझकर पुलिस के हवाले कर दिया। जहां जांच में वह युवक नशेड़ी निकला। हुआ यूं कि सुबह करीब 9 बजे शाहाबाद के निकटवर्ती गांव कटवी निवासी एक युवक जो कि पुलिस को अपना नाम कांगा बता रहा था। वह गांव में हाथ में फ्रूटी लिए खड़ा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस दौरान वह युवक वहां पर खेल रहे बच्चों को लगातार देखे जा रहा था। जब गांववासी उस युवक से पूछताछ के लिए उसके पास पहुंचे तो वह युवक भागने लगा, लेकिन इस बीच कुछ दूरी पर जाकर गांववासियों ने उसे दबोच लिया और गांववासी सतपाल, मनजीत, उजागर सिंह, गोल्डी, पलमिंद्र अन्य ने पड़ाव थाना पुलिस के हवाले कर दिया। जहां पुलिस जांच में वह युवक नशेड़ी निकला। जिसको पुलिस ने पूछताछ के बाद छोड़ दिया।
आरोपी को भेजा न्यायिक हिरासत में
मंगलवार को भी शहर के मोती नगर में एक बच्चे के अपहरण के आरोप में एक व्यक्ति को लोगों ने काबू कर पुलिस चौकी नंबर - 2 के हवाले किया था। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के रिमांड पर भेज दिया। जहां शनिवार को रिमांड के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
यह भी हुई घटनाएं
बच्चा चोरी की घटनाएं सच्ची हैं या एक अफवाह, इस पर पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी भी मामले में पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन 5 दिन में 6 ऐसी वारदातें होने से क्षेत्र के लोगों में भय जरूर पनप गया है।
-- करीब 3 दिन पूर्व भी शहर के नाहन हाउस एरिया के पास जोगीवाड़ा पुरानी बकरा मंडी के नजदीक घर के बाहर खेल रही दो बच्चियों का हाथ पकड़कर एक युवक उन्हें अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहा था। जिसे लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। जहां जांच में यह एक अफवाह निकली तो पुलिस ने उस युवक को पूछताछ के बाद छोड़ दिया।
-- इसके अलावा शहर के जगाधरी गेट, बलदेव नगर में भी दो संदिग्धों को करीब 2 दिन पूर्व ही पकड़कर पुलिस के हवाले किया था, लेकिन वह भी एक अफवाह निकली और यहां भी पुलिस ने पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया।
-- गुरुवार रात भी शहर के अशोक विहार निवासी एक महिला को कुछ लोग बच्चा चोरी करने के शक में पकड़कर पुलिस चौकी नंबर - 2 ले गए। लेकिन वहां भी यह महज अफवाह निकली।
-- शुक्रवार भी शाम को बलदेव नगर में उस समय जमकर हंगामा हुआ जब एक बच्चा अपनी ट्यूशन पर जा रहा था तो इस दौरान वहां रास्ते में बाइक सवार तीन युवकों ने उसके अपहरण का प्रयास किया। हालांकि मामले में उसके परिजनों का कहना था कि उनके बेटे ने बताया कि उक्त युवकों के उस पर चाकू से हमला भी कर दिया, लेकिन बच्चे ने हिम्मत दिखाई और वहां से भाग गया।
गांववासी यहां एक युवक को पकड़कर लाए थे, लेकिन जांच में वह युवक नशेड़ी निकला। वह शाहाबाद का रहने वाला है। उसे पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया है। बच्चा चोरी की घटना एक अफवाह थी।
- सुरेंद्र सिंह, प्रभारी पड़ाव थाना।