बराड़ा। बीती रात चोरों ने अलग-अलग कॉलोनियों में तीन कोठियों में चोरी का प्रयास किया। इसमें एक कोठी में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ने के बाद जब कोठी में नहीं जा सके तो कार के शीशे तोड़ दिए। वहीं शिव कॉलोनी स्थित श्वेता सदन में चोरी करने का प्रयास किया। मकान मालिक ने मीडिया कर्मचारी व पुलिस को फोन किया। मौके पर पुलिस का सायरन सुनते ही चोर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही बराड़ा पुलिस ने मौके पर पहुंच सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार बराड़ा स्थित रावण कॉलोनी में रहने वाले सोमनथ उर्फ काली राणा ने बताया कि वीरवार की रात वह घर पर नहीं था। किसी काम से अंबाला गया हुआ था। शुक्रवार की रात वह वापस आया तो मकान का ताला टूटा हुआ था। जब अंदर जाकर देखा तो सीसीटीवी कैमरे व सेंसर टूटा हुए थे। इतना ही नहीं चोरों ने कार के शीशे भी तोड़ डाले। चोरों को अंदेशा होगा कि कार में पैसा पड़ा होगा। काली राणा ने बताया कि चोर दीवार फांद कर मकान के अंदर घुस गए। चोरों ने कार के शीशे तोड़ डाले। कोठी में घुसने से पहले सीसीटीवी कैमरे व सेंटर तोड़े। हालांकि वह कोठी में प्रवेश नहीं कर सके। दूसरी चोरी शिव कॉलोनी स्थित श्वेता सदन में करनी चाही। मकान मालिक ने मीडिया को फोन किया कि उनकी छत पर चोर है, जिसके बाद मीडिया ने पुलिस को फोन किया। पुलिस के मौके पर पहुंचते पुलिस का सायरन सुन कर चोर फरार हो गए। वहीं तीसरी चोरी का अनाज मंडी में प्रयास किया वहां पर भी लोगों के जगे होने के कारण वे फरार हो गए।
चोरी करने के प्रयास की शिकायत आ चुकी है। काली राणा के यहां पर पुलिस गई है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-देवी चंद, सब इंस्पेक्टर, बराड़ा थाना