अंबाला सिटी। जनरेटर स्पेयर पार्ट्स की दुकान से युवक ने 95 हजार रुपये की नकदी पार कर दी। चोरी की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। पीड़ित दुकान मालिक ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना मंगलवार दोपहर के समय की है।
जानकारी के अनुसार रेलवे रोड पर प्रथम सिंगला की जनरेटर पार्ट्स की दुकान है। उसके सामने ही ट्रैक्टर का काम है। वह ट्रैक्टर वाली दुकान पर काम से गए हुए थे। कुछ समय बाद वापस लौटे तो गल्ला खुला था। उसमें रखी नकदी गायब थी। सीसीटीवी फुटेज में युवक नजर आ रहा है, जिसकी उम्र देखने में 25 साल के करीब लग रही है। एएसआई नवतेज के अनुसार गल्ले से नकदी चुराने की घटना की तफ्तीश जारी है। केस जल्द सुलझा लिया जाएगा।