अंबाला सिटी। प्रदेश के सबसे कद्दावर और दबंग कहे जाने वाले गृहमंत्री अनिल विज के गृह जिले में ही मनचलों व बदमाशों के हौसले सातवें आसमान पर हैं। इन्हें न पुलिस का डर है न जनता का। वहीं पुलिस दिनदहाड़े हुई घटना के बाद भी शिकायत का इंतजार करती रहती है।
ऐसा ही एक मामला बुधवार को अंबाला की कपड़ा मार्केट में सामने आया। यहां एक लड़की काम पर जा रही थी। जिसका पीछा करते हुए तीन-चार मनचले भी पहुंच गए। जहां लड़की काम करती थी। जैसे ही मनचलों ने लड़की को रोका तो वह एकबार तो सहम गई। अपने पिता व मामा को फोन कर सारे मामले से अवगत करवाया। थोड़ी ही देर बाद लड़की का मामा मौके पर पहुंचा तो देखते ही देखते मनचलों ने उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। मामला बढ़ता देख लोगों की भीड़ जमा हो गई तो मनचले अपनी एक्टिवा छोड़ मौके से फरार हो गए। इसके बाद लड़की के पिता अपने साले को लेकर चौकी नंबर तीन में पहुंचे व अपनी शिकायत दर्ज करवाई।
अस्पताल में भी पहुंचे आरोपी
इसके बाद जैसे ही पीड़ित नागरिक अस्पताल पहुंचे तो पीछे-पीछे मनचले भी आ गए जहां उन्होंने पीड़ित परिवार को धमकाना शुरू कर दिया व एक्टिवा वापस देने की बात कहते हुए देख लेने की धमकी देने लगे। सूचना मिलते ही संबधित चौकी से दो मुलाजिम आए जिन्हें देखते ही मनचले वहां से भी रफू-चक्कर हो गए।
हमारे पास सुबह सूचना आई थी, जिसके बाद हमने हमलावर लड़कों की एक्टिवा को अपने कब्जे में ले लिया था। लेकिन इस प्रकरण में दोनों पक्षों का आपसी समझौता हो गया है।
-रमेश कुमार, इंचार्ज चौकी नंबर तीन
बेटी कपड़ा मार्केट में काम करती है। बेटी का मामला है बेटी को फिर भी घर से निकलना है। इसलिए समझौता कर लिया है।
-पीड़ित पिता।