अंबाला। मुंबई से अंबाला पहुंची ट्रेन नंबर 02903 गोल्डन टेंपल मेल की जनरल बोगी से देसी कट्टा बरामद हुआ। नाइट डोमिनेशन के दौरान जीआरपी ने कट्टा जब्त किया। छावनी जीआरपी थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
थाना प्रभारी विलायती राम ने बताया कि शनिवार रात वह स्टेशन पर मौजूद थे। लगभग देर रात लगभग 12.45 बजे मुंबई से अमृतसर जाने वाली गोल्डन टेंपल मेल प्लेटफार्म 2 पर आई। टीम ने ट्रेन में सर्च ऑप्रेशन चलाया। ट्रेन का अंतिम ठहराव छावनी स्टेशन था इसलिए अधिकांश यात्री ट्रेन से उतर गए। जब ट्रेन की सबसे पिछली जरनल बोगी नंबर 202825 की जांच की तो सीट के नीचे एक पॉलिथीन का लिफाफा नजर आया। क्रीम रंग के पॉलिथीन पर अंग्रेजी में सरवाना स्टोर लिखा हुआ था। जब पॉलिथीन खोलकर चेक किया तो इसके अंदर लोहे से बना देसी कट्टा बरामद हुआ।
जांच अधिकारी एसआई ओम प्रकाश ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए जीआरपी ने एक नया तरीका अपनाया। सादी वर्दी में तैनात कर्मचारियों द्वारा पॉलिथीन को लेकर सूचना प्रसारित की गई ताकि आरोपी सामने आ सकें और पहचान कर सके। यात्रियों के बीच जाकर भी कई बार आवाज मारी गई लेकिन उक्त पॉलिथीन को लेने के लिए कोई नहीं आया।