अंबाला। कुरुक्षेत्र की पीएनडीटी टीम ने एक बार फिर गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के गृहक्षेत्र में दस्तक देकर भ्रूण लिंग जांच के गोरखधंधे में शामिल एक महिला दलाल को धर दबोचा। आरोपी महिला सरोज सुदंरनगर अंबाला छावनी की रहने वाली है। सौदा 30 हजार रुपये में तय हुआ था। पकड़ी गई आरोपी से स्वास्थ्य विभाग ने 2 हजार रुपये के 9 नोट भी मौके पर ही बरामद किए जोकि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दिए थे। इसके अलावा शेष 10 हजार रुपये सूचना देने वाली महिला ने स्वास्थ्य विभाग को वापस लौटा दिए।
दलाल सरोज को सूचना देने वाली महिला पर कोई शक न हो इसीलिए इस महिला ने दलाल सरोज से यह 10 हजार रुपये पकड़ लिए थे जबकि 1100 रुपये का अल्ट्रासाउंड अंबाला के खुराना क्लीनिक में हुआ। इसकी बाकायदा संचालक ने रसीद काटी और रजिस्टर में एंट्री के बाद ही नियमानुसार अल्ट्रासाउंड किया। इसीलिए स्वास्थ्य विभाग की टीम को कोई अनियमितता क्लीनिक संचालक के खिलाफ नहीं मिली। कुरूक्षेत्र की टीम ने डाक्टर गौरव पीएनडीटी प्रमुख, अंबाला से डाक्टर विजय वर्मा, एएसएमओ और डाक्टर सन्नी भट्टी सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। रात 11 बजे तक टीम सदर थाने में ही थी लेकिन केस दर्ज नहीं हो पाया था।
लड़के की कर दी थी पुष्टि
दरअसल कुरूक्षेत्र की एक गर्भवती महिला ने स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी थी कि अंबाला की एक महिला उसे भ्रूण लिंग जांच करने की बात कह रही है। इस पर स्वास्थ्य विभाग ने महिला को जांच के लिए तैयार करवाया। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे कुरूक्षेत्र की टीम गर्भवती महिला के साथ चल दी। महिला इनोवा गाड़ी में थी। अंबाला पहुंचकर दलाल सरोज से संपर्क किया तो सरोज ने उसे इनोवा गाड़ी से उतार लिया। इसके बाद 30 हजार रूपये महिला से ले लिए। कुरूक्षेत्र की टीम ने इसी बीच अंबाला स्वास्थ्य विभाग को भी पूरे मामले की सूचना दी। यहां से महिला दलाल ने गर्भवती महिला को ई-आटो में बिठाया और अपने साथ निकलसन रोड से होती हुई खुराना क्लीनिक संचालक के पास ले गई। जहां नियमानुसार अल्ट्रासाउंड किया गया। इसीलिए संचालक पर स्वास्थ्य विभाग की टीम कोई कार्रवाई नहीं कर सकी। दलाल ने महिला क्लीनिक से निकली तो उसे बताया कि तुम्हारे पेट में लड़का है। यह बताते ही टीम ने उसे धर दबोचा।