साहा। सरकारी नौकरी लगवाने की एवज में एक आरोपी ने 4.30 लाख की धोखाधड़ी कर ली। अब आरोपी परिवादी को ही झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ साजिशन ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दरअसल पंचकूला के श्यामटू गांव के रहने वाले सुखबीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कालपी के विशाल खत्री ने उसके बेटे को सरकारी नौकरी दिलवाने का लालच दिया था। इसकी एवज में वह 4.30 लाख रूपये भी ले चुका है। मगर अभी तक न तो उसने नौकरी लगवाई न ही उसके पैसे वापस दिए। सुखबीर ने बताया कि आरोपी ने एक लाख रुपये पहले उससे साहा ढाबे पर लिए थे। इसके बाद काम जल्द होने की बात कहकर 1.70 लाख रुपये मोदी पैलेस व 1.30 लाख रुपयेे सिविल अस्पताल कैंट में लिए थे। आठ महीने बाद भी वह उसके बेटे को नौकरी दिलवाने का लालच देता रहा। अब जब उससे पैसे मांगे तो आरोपी ने उसे ही झूठे केस में जेल भिजवाने की धमकी दी। जांच के बाद सुखबीर के आरोप सच पाए गए। इसी आधार पर अब आरोपी के खिलाफ साजिशन ठगी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस जल्द ही विशाल खत्री को गिरफ्तार करने की बाबत कह रही है।