अंबाला। काला कच्छा गिरोह ने फिर जड़ी बूटियां बेचने वाले परिवार को निशाना बनाया है। गिरोह के सदस्यों ने लूट की नीयत से परिवार की झुग्गी झोपड़ियों में जमकर मारपीट की। मारपीट के दौरान आरोपियों ने परिवार के सामान को भी उथल पुथल कर दिया। हालांकि कोई पैसा न होने की वजह से बदमाशों को खाली हाथ ही मौके से भागना पड़ा। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रात दो बजे शरीर पर लोशन लगा दिया वारदात को अंजाम
साहा-शहजादपुर रोड पर हनुमान मंदिर के पास रहने वाले विजय कुमार ने बताया कि उसका परिवार जड़ी बुटियां बचने का काम करता है। वे दो बहनें व चार भाई हैं। उसने बताया कि बीते रोज उसका परिवार खाना खाकर रात 10 बजे अपनी झुग्गी झोपड़ियों सो गया था। रात करीब 2 बजे 5-6 नौजवान लड़के जबरदस्ती उनकी झुग्गियों में घुस गए। आरोपियों के हाथों में सरिए व डंडे थे। उन्होंने सोए पड़े सभी सदस्यों को पीटना शुरू कर दिया। आरोपियों ने केवल शरीर पर बनियान व कच्छा पहना हुआ था और मुंह बांधे हुए थे। शरीर के हिस्सों पर लोशन लगाया हुआ था। विजय ने बताया कि मारपीट कर रहे एक युवक के मुंह से कपड़ा हट गया था। सामने आने पर वह उसे पहचान सकता है। आरोपियों ने विजय के अलावा माता गुड्डी, भाई गोविंदा, ज्ञान सिंह , पप्पू , रानी , रेखा से जमकर मारपीट की। सभी को हमले के दौरान गहरी चोटें आई। आरोपियों ने झोपड़ियों में पड़े लोहे के बॉक्स भी चेक किए। जड़ी बूटियों के सिवाय उनमें कुछ नहीं मिला।
बुजुर्ग को उतार दिया था मौत के घाट
कुछ महीने पहले भी साहा एरिया में ही काला कच्छा गिरोह के सदस्यों ने अचानक झोपड़ियों में हमला कर एक ही परिवार के लोग लोगों को जख्मी कर दिया था। लूटपाट के इरादे से आरोपियों ने परिवार के किसी सदस्यों को नहीं बख्शा था। परिवार के कई लोग हमले में बुरी तरह जख्मी हो गए थे। जबकि एक बुजुर्ग की मौत हो गई थी। उस वारदात को पुलिस अभी तक नहीं सुलझा पाई।