अंबाला। छावनी के पक्की सराय निवासी 25 वर्षीय राहुल की मंगलवार संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए शव लाया गया तो यहां पर परिजनों का पोस्टमार्टम में देरी पर गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों व इलाका पुलिस के बीच जमकर बहस हुई।
आखिर में अस्पताल चौकी व अंबाला कैंट थाने से पहुंचे पुलिस मुलाजिमों ने मामले को शांत करवाया। परिजनों का आरोप था कि पहले ही उनके बेटे को राम बाग रोड स्थित एक प्राइवेट डाक्टर ने गलत दवा दी थी और उसके खाते ही मौत हो गई। जब अस्पताल लेकर पहुंचे तो यहां पर भी इलाका पुलिस लेटलतीफी बरत रही थी। बार-बार पूछने पर भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो उन्होंने विरोध किया। आखिर में पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। उधर, परिजनों ने प्राइवेट डाक्टर के खिलाफ भी पड़ाव पुलिस को शिकायत सौंपने की बात कहीं। परिजनों का कहना था कि राहुल अपनी बहन से राखी बंधवाने के बाद बुखार होने पर रामबाग रोड स्थित प्राइवेट डाक्टर के पास दवा लेने के लिए गया था। डाक्टर ने चैकअप के बाद तीन खुराक दे दी थी। जैसे ही उसने घर आकर पहली खुराक ही खाई तो उसकी तबीयत बिगड़ गई। मुंह से झाग निकलते देखकर वह घबरा गए और छावनी के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर अंबाला छावनी पड़ाव के थाना प्रभारी देवेंद्र का कहना है कि मेरे संज्ञान में मामला नहीं है। अगर परिजनों की तरफ से कोई शिकायत आती है तो उसकी जांच कर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।