अंबाला। स्पेशल टॉस्क फोर्स ने 3.50 लाख की नकली करेंसी के साथ दो कार सवार युवकों को काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 2000-2000 रुपये के 175 नकली नोट जब्त किए हैं। आरोपी ये करेंसी चलाने जा रहे थे। मगर पुलिस ने उनकी योजना पर पानी फेर दिया। आरोपियों के खिलाफ कई धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब आरोपियों से पूछताछ चल रही है। दरअसल पुलिस को सूचना मिली थी कि कैंट के माया वाला चौक के पास रहने वाला पंकज उर्फ पिंकी तथा तेली मंडी का सागर नकली नोट छापने का धंधा कर रहे हैं। आरोपी नकली नोटों की तैयार खेप बाजार में चलाने की कसरत कर रहे हैं। पुलिस को इनके स्विफ्ट कार में सवार होकर अंबाला शहर की ओर जाने की खबर मिली थी। तभी आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ने की योजना बनाई गई।
ओवरब्रिज के नीचे लगाया ट्रैप
पुलिस ने सूचना के बाद आरोपियों को पकड़ने के लिए कैंट रेलवे स्टेशन के सामने ओवरब्रिज के नीचे ट्रैप लगाया था। इस दौरान पुलिस ने वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। तभी पुलिस की नजर आरोपियों की कार पर पड़ गई। हालांकि आरोपियों ने पहले तो पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। मगर बाद में घेराबंदी के दौरान आरोपियों को काबू कर लिया गया। तलाशी के दौरान ही पुलिस को आरोपियों की कार से 2000/2000 रुपये की दो गड्डी नोट मिले। शुरूआती जांच में ही जब्त 175 नोट नकली पाए गए। इनमें 2केए545976 सीरीज के 59 नोट व 8केएल619736 के 57 नोट व 5सीयू170982 सीरीज के 59 नोट मिले। कुल 350000 की नकली करेंसी जब्त करने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भादंसं की धारा 489 ए,489बी,489सी व 420 के तहत केस दर्ज किया है। शुरूआती पूछताछ में पता चला है कि खुद ही ये नोट छापते थे। हालांकि अधिकारिक तौर पर अभी पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।