अंबाला। कबूतरबाजी के मामले में फंसे सौंटा के अमरिंद्र सिंह उर्फ काला को नग्गल पुलिस ने जांच में शामिल कर जमानत पर रिहा कर दिया है। काला पर कप्तान सिंह बकनौर के साथ मिलकर एक युवक को अमेरिका भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने का आरोप है।
दरअसल पुरानी घास मंडी के रहने वाले सुरिंद्र सिंह ने बकनौर के कप्तान सिंह सौंटा के अमरिंद्र सिंह काला व रवि पर उसे अमेरिका भेजने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप लगाए थे। उसका आरोप था कि आरोपियों ने मोटी रकम लेने के बावजूद उसे गैरकानूनी तरीके से अमेरिका भेजा था। इसके कारण उसे गैरकानूनी तरीके से कई देशों की सीमाएं पार करनी पड़ी। इस दौरान उसे मानसिक व शारीरिक परेशानियों का भी सामना करना पड़ा था। पुलिस ने सुरिंद्र की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ कबूतरबाजी का केस दर्ज किया था। मामले में मुख्य आरोपी कप्तान सिंह बकनौर पर कबूतरबाजी के कई मामले दर्ज हैं। अभी वह जांच की प्रक्रिया से गुजर रहा है।