अंबाला सिटी। बंदियों के बीच हुए झगड़े में बीते रोज सुए, सर्जिकल ब्लेड, पानी व लोहे के पाइप और पेड़ से तोड़े डंडे जमकर चले। झगड़े में हत्या के केस में नामजद कैंट के राहुल कुमार उसके सगे भाई धर्मेंद्र व चाचा का लड़का राहुल घायल हो गए। सुरक्षा वार्ड में बंद मंगतु थापा को भी मामूली चोटें लगी। सगे व चचेरे भाईयों को जेल गार्द के माध्यम से नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। राहुल को छोड़कर दूसरों को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।
घायल के बयानों पर बलदेवनगर थाने में देवेंद्र, जय कुमार, मनीष सिंह, सिंपी, विक्रम, मनीष, छोटू व नवजोत के खिलाफ केस दर्ज किया गया। रंजिश को विवाद की वजह बताया जा रहा है। पूछताछ के लिए सभी को प्रोडक्शन वारंट पर लेने की बात कही जा रही है। राहुल के अनुसार पिछले साल कैंट पड़ाव इलाके में हुई हत्या और आर्म्स एक्ट के केस में वह भाई धर्मेंद्र और रोहित व मंगतु थापा के साथ सुरक्षा वार्ड के कमरा नंबर तीन में बंद है। आरोपी कमरा नंबर चार में हैं। सुबह करीब साढ़े चार बजे जब वह उठा तो देवेंद्र सुआ, जय कुमार सर्जिकल ब्लेड, छोटू सुआ, मनीष पानी वाली लोहे की पाइप, सिंपी व विक्रम डंडा, मनीष सुआ और नवजोत ईट लेकर आए। गाली-गलौज करने के बाद आरोपियों ने उससे मारपीट शुरू कर दी। मनीष ने सुआ बाएं कंधे और जय कुमार ने सर्जिकल ब्लेड कलाई पर मारा। छोटू ने सुुआ रीड की हड्डी पर मारा। इसके बाद बचाव में आए धर्मेंद्र, रोहित व थापा को भी आरोपियों ने पीटा। शोर-शराबा सुनकर आए जेल स्टाफ ने बीच-बचाव कराया। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील के अनुसार जेल में हुए झगड़े में तीन लोग घायल हुए। आठ बंदियों पर केस दर्ज किया गया।