अंबाला सिटी। सहायक सेनेटरी इंस्पेक्टर फूल कुमार के साथ एक बार फिर मारपीट हुई है। इस बार उन्हें गाड़ी से उतारकर जमकर पीटा गया। इतना ही नहीं फूल कुमार की कार को भी तोड़ दिया गया है। घटना रात करीब सवा 9 बजे की बताई जा रही है। रात करीब 10 बजे तक फूल कुमार को सिविल अस्पताल अंबाला शहर में मेडिकल करवाया जा रहा था। वहीं से फूल कुमार ने पूरे मामले की शिकायत ईओ नगर निगम को दी। रात करीब साढ़े 10 बजे ईओ अस्पताल में मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार सहायक सेनेटरी इंस्पेक्टर फूल कुमार नाइट ड्यूटी के बाद अपनी कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सिविल अस्पताल अंबाला शहर के पास वह दूध लेने के लिए रूके। जैसे ही उनकी कार रूकी तो अचानक छह-7 व्यक्ति आए और उसे कार से नीचे खींच लिया। इसके बाद कट्टानूमा एक हथियार उसकी गर्दन पर रखा। कहा कि अब हमें या किसी और को तंग किया तो अच्छा नहीं होगा। इतना ही नहीं उन्होंने उसके साथ टाइल से मारपीट भी की और उसकी कार तोड़ दी। फूल कुमार ने अपने ही वरिष्ठ साथी कर्मचारी और उसके सहयोगियों पर मारपीट का आरोप लगाया है। बता दें कि करीब एक महीने पहले भी फूल कुमार के साथ मारपीट हुई थी और मामला चौकी में जाकर निपटा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।