अंबाला सिटी। क्लासमेट पर दुष्कर्म का आरोप लगाने के मामले ने यू टर्न ले लिया है। सरकारी अस्पताल में कोरोना टेस्ट कराने के बाद घर गई पीड़िता थोड़ी ही देर में आरोपी संग शादी कर थाने में लौट आई। दोनों को एक-साथ देखकर एक बारगी तो पूरा थाना हतप्रत हो गया। पीड़िता भी दुष्कर्म के आरोपों से पलट गई। साफ कहा कि पिछले करीब चार साल से वे लिव- इन-रिलेशनशिप में हैं। जिससे वह चार माह की गर्भवती है। उसके साथ किसी प्रकार की जबरदस्ती नहीं हुई। मंदिर में हुई शादी के फोटो और शपथपत्र देकर कार्रवाई से इंकार कर दिया। चौबीस घंटे के दौरान चले घटनाक्रम में केस को रद्द करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। महिला थाने में विजय नामक युवक पर दुष्कर्म का केस दर्ज है।
पीड़िता के अनुसार विजय उसका क्लासमेट है। करीब चार साल पहले हुई दोस्ती के बाद दोनों में शारीरिक संबंध बने। विजय ने उसे शादी का विश्वास दिलाया था लेकिन बाद में मुकर गया। 21 जून की दोपहर घर आकर उससे दोबारा गलत काम किया। शादी की कही तो धमकी दे दी। परेशान पीड़िता ने केस दर्ज कराया था।
तफ्तीश में हुआ यूं कि पीड़िता का मेडिकल कराने से पूर्व उसका कोरोना टेस्ट कराया जाता है। सोमवार अस्पताल में कोराना टेस्ट कराने के बाद उसे घर भेज दिया गया। थोड़ी देर बाद वह आरोपी के साथ दुल्हन के लिबास में थाने आ गई। बताया कि दोनों ने मंदिर में शादी कर ली है, अब वह कार्रवाई नहीं कराना चाहती।
दुष्कर्म पीड़िता ने आरोपी से शादी कर ली है। अब केस कैंसल किया जाएगा।
सुनीता ढाका, इंस्पेक्टर