अंबाला सिटी। कबीर नगर वासियों की समस्या बड़ी है। बिजली कटौती के चलते पानी की सप्लाई न मिलने से परेशान लोगों ने पीने के पानी का टैंकर खरीदा। लोग अपनी जरूरत के हिसाब से पानी ले गए कुछ देर बाद वो भी खत्म हो गया तो फिर वही समस्या। अब प्यास कहां से बुझाए। इसके लिए घर की महिलाओं ने हिम्मत दिखाते हुए बाल्टी उठाई और करीब दो किमी. दूर पुलिस लाइन और वीटा मिल्ट प्लांट से पानी भरकर लाईं। यह दृश्य देखकर लोग शर्मिंदा हैं लेकिन वे करें तो क्या। उनके हाथ में कुछ नहीं।
बिजली निगम और पब्लिक हेल्थ विभाग में तालमेल न होने का खामियाजा कबीर नगर वासियों को भुगतना पड़ रहा है। स्थिति अब इतनी बदतर हो गई है कि कबीर नगर वासी पीने के लिए भी पानी खरीदने को मजबूर हैं। रविवार को मजबूरी में कबीर नगर वासियों को पानी का टैंकर खरीदना पड़ा। सोमवार को भी ऐसा ही नजारा देखने को मिला। इस नजारे को देख मैथलीशरण गुप्त की पंक्ति आंचल में दूध, आंखों में पानी अबला नारी हाय तेरी कहानी याद आ गई।
बिजली की पर्याप्त आपूर्ति न होने से नहीं चल रहा ट्यूबवेल
बताया जा रहा है कि जहां से कबीर नगर वासियों को पानी की आपूर्ति की जाती है। वहां वॉल्टेज इतनी लो है कि ट्यूबवेल चल ही नहीं रहा है। बिजली सही से चले इसके लिए पब्लिक हेल्थ द्वारा बिजली निगम को ट्रांसफार्मर लगाने के लिए पत्र लिखकर अपनी जिम्मेवारी पूरी करने का दावा कर रहा है। लेकिन अब कब पत्र पर कार्रवाई होगी और कब ट्रांसफार्मर लगेगा। इसका सारा जिम्मा बिजली निगम के सर पर है। अब जब बिजली निगम कार्रवाई पूरी नहीं कर लेता तब तक पब्लिक हेल्थ ने अपने हाथ खड़े कर रखे हैं।
मेरी बिजली के एक्सईएन से बात हो गई है। ट्रांसफार्मर का इस्टीमेट तैयार हो गया है। दो तीन दिन में प्रतापनगर ट्यूबवेल पर ट्रांसफार्मर लगाने का काम शुरू हो जाएगा। इसके बाद पानी की समस्या बिल्कुल ठीक हो जाएगी।
-दिनेश गाबा, एक्सईएन, पब्लिक हेल्थ, अंबाला सिटी।