अंबाला। मुझे प्रेमिका तंग कर रही है, मानसिक रूप से इतना परेशान हूं कि मरने के अलावा मेरे पास कोई विकल्प नहीं है। सुसाइड नोट में प्रेमिका के खिलाफ बयान लिखने के बाद प्रेमी अंबाला-कालका लाइन पर लेट गया। लेकिन समय रहते ही स्टेशन मास्टर की तत्परता व आरपीएफ और जीआरपी की कार्रवाई से युवक की जान बच गई। रेलवे लाइन किनारे मौजूद युवक की शिनाख्त एकता विहार निवासी के तौर पर हुई है।
युवक ने प्राथमिक पूछताछ में बताया कि पिछले कुछ दिनों से उसे एक युवती बार-बार परेशान कर रही है। वह उससे एक तरफा प्यार करती है। उसने उसे कई बार मना किया था, लेकिन वह लगातार दबाव बनाते हुए उसे मानसिक और शारीरिक तौर पर परेशान कर रही थी। जब समझाने-बुझाने के बाद भी वह नहीं मानी तो उसने सुसाइड करने की योजना बनाई और कैंट रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर रेलवे ट्रैक के बीच लेट गया।
सूझ-बूझ से बची जान
कंट्रोल पर संदेश आया कि एक युवक कालका रेलवे लाइन पर बेहोश पड़ा है। तुरंत मामला स्टेशन मास्टर, आरपीएफ व जीआरपी के संज्ञान में आया। सभी तुरंत मौके पर पहुंचे। जब बेहोश युवक पर पानी की बौछार की गई तो वह एकदम खड़ा हो गया और अपने पास लोगों को खड़ा देखकर हैरान हो गया। इसके बाद जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास एक मोबाइल फोन व सुसाइड नोट मिला। आरपीएफ ने कागजी कार्रवाई के बाद युवक को जीआरपी के हवाले कर दिया।
पूछताछ जारी
मामला संज्ञान में आया था। मौके पर पहुंचकर पहले युवक की जान बचाई गई। सुसाइड नोट के संबंध में युवक से पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद ही अगला कदम उठाया जाएगा।
-चंद्रभूषण शर्मा, प्रभारी जीआरपी अंबाला कैंट।