जिले में अनलॉक होते ही लूट और हत्याओं की घटनाओं में तेजी से इजाफा होने लगा है। पिछले दो दिनों में तीन बड़ी वारदात ने पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान खड़े कर दिये हैं। मुलाना में बाइक सवार दो बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर बाइक से अपने घर वापस जा रहे एक व्यक्ति से 2200 रुपये और एक मोबाइल लूट लिया। आरोपियों ने जाते समय हवाई फायर भी किये। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सबलपुर थाना छप्पर निवासी अनिल उर्फ रोमी ने बताया कि वह सोमवार शाम करीब सवा 4 बजे धनौरा से अपने गांव सबलपुर जा रहा था। इस दौरान जब वह गांव जहांगीरपुर जोहल फार्म के नजदीक पहुंचा तो पीछे आ रहे बाइक सवार दो युवकों ने उसे रोकने के बाद पिस्तौल दिखाई और जान से मारने की धमकी देकर उसकी जेब से 2200 रुपये और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की छानबीन शुरू कर दी है।