छह दिन से छाती व टांग में लगी दो गोलियों के साथ जिंदगी व मौत से जूझ रही सैन्य क्षेत्र स्थित नेपियर रोड निवासी 32 वर्षीय प्रीति का शनिवार को जीएमसीएच चंडीगढ़-32 अस्पताल में ऑपरेशन किया गया। करीब चार घंटे तक ऑपरेशन चला।
महिला का डॉक्टरों की लापरवाही के कारण छह दिन से दवाओं के सहारे उपचार किया जा रहा था। डॉक्टरों ने कोरोना के चलते केवल इमरजेंसी ऑपरेशन की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया था। डॉक्टरों ने पहले कोरोना टेस्ट के लिए बोला लेकिन रिपोर्ट नेगेटिव आने पर भी ऑपरेशन नहीं किया गया। परिजनों को गोली लगने से महिला के शरीर के अंदर इन्फैक्शन फैलने का डर सता रहा था। परिजनों के रोष जताने पर महिला को ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया। तब जाकर परिजनों ने राहत की सांस ली। घायल प्रीति के भाई अमित ने बताया कि प्रॉपर्टी विवाद के चलते 24 मई को उसे गोली मारी थी।
आरोपी की पहचान के बावजूद नहीं हुई गिरफ्तारी
गोलीकांड के छह दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। महिला ने बताया था कि कानपुर निवासी अभिषेक कटियार ने उसे गोली मारी है। घटना स्थल से बाइक पर फरार होने पर आरोपी सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गये थे। फिर भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
महिला के दिए बयानों पर पुलिस की तफ्तीश जारी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
विजय, थाना प्रभारी, अंबाला कैंट