साहा। एसपी और एसएचओ की गश्त के दौरान 8 से 10 नकाबपोश 19.46 लाख रुपये से भरे एटीएम को ले उड़े। चोरों ने न केवल पुलिस बल्कि एसपी तक को कुछ नहीं समझा। कहीं और नहीं बल्कि गृहमंत्री अनिल विज के जिले के खंड साहा में ऐसा ही कारनामा चोरों ने कर दिखाया।
एक साल के अंतराल में ही एटीएम उखाड़ने की वारदातों ने पुलिस सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पिछली घटित तीन वारदातों में आज भी पुलिस के हाथ खाली हैं। वहीं एक बार फिर शुक्रवार रात हुई एटीएम उखाड़ने की घटना ने पूरे महकमे को कटघरे में खड़ा कर दिया है। खास बात यह है कि घटना वाली रात पुलिस कप्तान और एसएचओ गश्त पर थे इसके बावजूद भी चोर एटीएम उखाड़ने की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।
सेंट्रल बैंक मैैनेजर रोहित कुमार ने बताया कि साहा चौक के नजदीक उनके बैंक का एटीएम लगा हुआ है। रात लगभग 10 बजे एटीएम बंद कर दिया जाता है। फिर इसे सुबह लगभग 8 बजे खोला जाता है। लेकिन रात लगभग 1 और 1.30 के बीच कुछ 8 से 10 लोग एटीएम उखाड़ कर ले गए। एटीएम में लगभग 19 लाख 46 हजार रुपये थे। चोरों ने पिछले साल हुई वारदातों की तरह सबसे पहले एटीएम में लगे सीसीटीवी पर काले रंग से स्प्रे किया और फिर वारदात को अंजाम दिया। घटना की सुबह ही जानकारी मिली। सूचना मिलते ही सीन ऑफ क्राइम टीम मौके पर पहुंची और बड़ी ही बारीकी से एटीएम में मिले फिंगर प्रिंट सहित अन्य तथ्य एकत्रित किए।
एटीएम की सुरक्षा भगवान भरोसे:-
क्षेत्र में लगे एटीएम की सुरक्षा भगवान भरोसे है। बैंक की तरफ से सुरक्षा को लेकर कोई विशेष प्रबंध नहीं है, सिर्फ सीसीटीवी के सहारे ही एटीएम की सुरक्षा के दावे किए जा रहे हैं। पूरे क्षेत्र में एक भी चौकीदार तैनात नहीं है, यही कारण है कि सुनसान इलाके में वारदात करने में लुटेरों ने देर नहीं की।
फोन लोकेशन और डंप से आएंगे आरोपी काबू
वारदात के समय लगभग 8-10 नकाबपोश चोर मौजूद थे। उन्होंने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरे पर स्प्रे किया और इसके बाद एटीएम उखाड़ा। रात में ही फोन की लोकेशन व डंप उठा लिए हैं। इसके माध्यम से लुटेरों तक पहुंचा जाएगा। जल्द ही लुटरे पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
चंद्रभान, साहा थाना प्रभारी।
1 साल से चोर और लुटेरे आगे-आगे पुलिस पीछे-पीछे
अंबाला में वर्ष 2019 के अंदर एटीएम लूट की 3 बड़ी वारदात हुई। इसमें लुटेरों ने तकनीक का सहारा लेकर लूट को अंजाम दिया। लुटेरे इतने शातिर निकले की अंबाला पुलिस आजतक इनका सुराग नहीं लगा पाई। इसके बाद भी बैंक की लापरवाही नहीं सुुधरी, आज भी अधिकांश एटीएम बिना सुरक्षा के ही चल रहे हैं।
पहली वारदात
19 जुलाई 2019 को घेल रोड पर पीली कोठी के पीछे एक्सिस बैंक के एटीएम बूथ में स्थित मशीन को बदमाश अपनी डस्टर गाड़ी में ले गए। एटीएम में 3 लाख 8 हजार रुपये कैश था। शातिरों ने अपनी पहचान को छिपाने के लिए एटीएम के भीतर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों पर ब्लैक स्प्रे का इस्तेमाल किया।
दूसरी वारदात
23 फरवरी 2019 को शहर में लुटेरों ने ड्रिल मशीन के जरिए एटीएम को उखाड़ कर 1 लाख 98 हजार रुपये चुरा लिए, हालांकि शातिर बदमाश इसी एटीएम बूथ पर स्थित दूसरी एटीएम को उखाड़ने में सफल नहीं हो पाए। इस मशीन में 10 लाख रुपये कैश था।
तीसरी वारदात
8 जनवरी की रात को लुटेरों ने इसी एटीएम की शाखा से महज 200 मीटर की दूरी पर एसबीआई शाखा के एटीएम को गैस कटर से काट कर उसमें से 19 लाख 76 हजार रुपये लूट लिए। गार्ड राकेश ने बताया था कि 3 बदमाश आए और उन्होंने उसे बंधक बनाया और गैस कटर से एटीएम को काटकर वारदात को अंजाम दिया।