नाके पर तैनात पांच पुलिस कर्मियों पर 20-25 युवकों ने लाठी डंडों से लैस होकर हमला बोल दिया। मारपीट कर उनकी वर्दी भी फाड़ दी। मामले में पुलिस की ओर से अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है।
ईएसआई कुलदीप सिंह की ओर से दर्ज कराए गये मामले में बताया गया है कि रविवार की देर रात क्षेत्र के गांव अम्बली में नाके पर अपने साथियों एसपीओ केहर सिंह, एसपीओ ईशम सिंह, एसपीओ जयपाल, एसपीओ नरेन्द्र सिंह के साथ ड्यूटी कर रहे थे। रात्रि करीब सवा 10 बजे नारायणगढ़ की ओर से एक मोटरसाइकिल पर तीन युवक आये। उन्होंने अपनी बाइक सड़क के बीचोबीच खड़ी कर दी और हुल्लड़ बाजी करने लगे। कुलदीप के अनुसार जब ऐसा करने से आरोपियों को मना किया गया तो वे अभद्रता और मारपीट पर उतारू हो गये। इसी बीच आरोपियों में से एक युवक वहां से गया और लाठी डंडाें से लैस 20-22 अन्य लोगों को लेकर आ धमका। आते ही आरोपियों ने पुलिसवालों पर हमला बोल दिया। मारपीट कर उनकी वर्दी भी फाड़ दी। इस बीच पुलिसकर्मी ईशम सिंह ने मोबाइल से थाना नारायणगढ़ में सूचना दी। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। यह देख आरोपी फरार हो गए। साथ ही मारपीट में घायल पुलिस कर्मियों को नारायणगढ़ सामान्य अस्पताल ले जाया गया। जांच अधिकारी गुरमेल सिंह का कहना है कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने कई जगह छापेमारी की है। आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जायेगा।