शहर पुलिस लाइन क्वार्टर के सामने और बाजार बस्ती राम में बाइक सवार बदमाशों ने सरेराह कोहराम मचाया। डेढ़ घंटे के अंतराल में प्राइवेट क्लीनिक में सहायक के तौर पर कार्यरत गरनाला की कोमल और भाई की शादी के लिए खरीदारी कर रही पटियाला की महेंद्र कॉलोनी की ऋतु का पर्स झपट लिया। इनके पर्स में कई हजार की नकदी, मोबाइल व अहम दस्तावेज थे। शनिवार शाम की घटनाओं के दौरान मचे शोर के बाद आरोपियों को पकड़ने की कोशिश भी हुई हालांकि तब तक वे फरार हो चुके थे। कंट्रोल रूम से वीटी होते ही बलदेव नगर, कोतवाली थाना पुलिस के अलावा सीआइए की टीमों ने घटनास्थल का मुआयना किया। आवागमन के रास्तों पर लगे सीसीटीवी की फुटेज देखी जा रही है ताकि बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। अज्ञात पर स्नेचिंग के केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी गई।
बलदेवनगर में हुई वारदात के दौरान कोमल रोजाना सुबह नौ बजे क्लीनिक पर आई थे। काम समाप्त करने के बाद करीब साढ़े पांच बजे वापस जाने के लिए निकली थी। जब वह लीलावती अस्तपाल के पास पहुंचीं तब पीछे से बाइक पर आए दो युवक उसका पर्स छीनकर ले गए। पर्स में 600 रुपये, बस पास व मोबाइल में दो सिमकार्ड थे। सामने आने आरोपियों को पहचानने की कही। ऐसे ही दूसरी वारदात करीब डेढ़ घंटे बाद सात बजे बस्ती राम बाजार में ऋतु के साथ हुई। उसके भाई हैप्पी बादल की 14 फरवरी को शादी है। खरीदारी के लिए अंबाला आई ऋतु अपनी मां सरोज के साथ बस्ती राम बाजार में पैदल जा रही थी। यूनियन बैंक के पास पहुंची तो बाइक पर सवार दो युवक उनके पास से गुजरे। पल भर में बाइक वापस मोड़ी, उसका पर्स छीनकर ले गए। पर्स में 12 हजार 600 रुपये व आधार कार्ड था। बाइक पर पीछे बैठे लड़के का शरीर पतला, दाड़ी व काले रंग की टी-शर्ट पहनी थी। सिर पर काले रंग का कपड़ा बंधा था, जिसपर सफेद रंग से कुछ प्रिंट था। बलदेवनगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अजीत कुमार व कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश के अनुसार स्नेचिंग की घटनाओं में आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास जारी है। सीसीटीवी के अलावा उन लोगों पर नजर रखी जा रही है जोकि इस प्रकार की पुरानी वारदातों में शामिल रहे तथा वर्तमान में जमानत पर हैं।