ठंड का थर्ड डिग्री टार्चर अब जिले में भी शुरू हो गया है। जिले का न्यूनतम तापमान चौथे दिन भी और भी नीचे आ गया। जमाव बिंदू के बिल्कुल नजदीक पहुंच चुके न्यूनतम तापमान के चलते ठंड अब कहर ढहाने लगी है। रविवार को जिले का न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री दर्ज किया गया, जोकि शनिवार के तापमान से करीब 0.4 डिग्री नीचे रहा। वहीं अधिकतम तापमान भी चार डिग्री की गिरावट के साथ 9.8 डिग्री ही सिमट गया। रात का तापमान 4 डिग्री से नीचे और दिन का तापमान 10 से नीचे आने से घरों में राजइयों में दुबके लोगों को भी ठंडक का एहसास होता रहा। हालात यह हो गए हैं कि अब न तो दिन का चैन रहा न रात की नींद। घरों तक में अब हीटर चलाने की नौबत आन पड़ी है। शरीर को तो जैसे-तैसे ढांपकर काम चल जाता है लेकिन पैरों में दो-दो जुराबें डालने के बावजूद ठंड रुकने का नाम नहीं ले रही।
सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों में अवकाश की घोषणा
लगातार गिर रहे तापमान के चलते आखिरकार सरकार को सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों में अवकाश घोषित करना पड़ा। अवकाश घोषित नहीं होने के कारण सबसे ज्यादा परेशानी प्राथमिक पाठशाला में जाने वाले विद्यार्थियों को झेलनी पड़ रही थी। हालांकि अकादमिक कलेंडर के अनुसार सभी स्कूलों में एक जनवरी से 15 तक अवकाश होने थे। लेकिन ठंड के चलते सरकार ने 30 और 31 दिसंबर का अवकाश भी घोषित कर दिया। अब विद्यार्थियों को 16 जनवरी को स्कूलों में जाना है। लिहाजा इस अवधि तक मासूमों को थोड़ी राहत रहेगी। क्योंकि अब उन्हें रजाइयों से निकलकर सुबह घर से बाहर नहीं निकलना पड़ेगा।
अभी नहीं मिलेगी ठंड से निजात
चंडीगढ़ मौसम विभाग की बातों पर यकीन करें तो अभी ठंड से निजात नहीं मिलेगी। हालांकि 31 दिसंबर को आकाश में बादल छाए रहने के साथ छिटपुट स्थानों पर बूंदाबांदी की संभावनाएं जताई जा रही हैं वहीं नए साल पर बूंदाबांदी की प्रबल संभावनाएं बनी हुई हैं। इसके बाद ही तापमान में हल्की वृद्धि होने की उम्मीद लगाई जा रही है।