फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गोली से घायल होटल ग्रैंड मालिक राजेश बोला, किसी ने रंजिश निकाली या निकलवाई

विज्ञापन
विज्ञापन
शुक्रवार देररात शहर अर्बन स्टेट पीर के सामने बदमाशों की गोली लगने से घायल होटल ग्रैंड के मालिक राजेश आहलूवालिया की हालत पीजीआई में गंभीर बनी है। हालांकि राजेश ने अपने बयानों में कहा है कि उसकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। इतना कहा कि किसी ने उससे रंजिश निकाली या निकलवाई है। बाइक सवार युवकों ने कार रुकवाकर उसपर दो गोलियां दागी थी। जिनमें से एक चूक गई जबकि दूसरी सिर के आरपार हो गई। कार में से बरामद कटी-फटी फायर्ड बुलेट को जांच के लिए मधुबन प्रयोशाला भेजा गया है ताकि पता चले कि किस हथियार का प्रयोग किया गया। प्रारंभिक जांच में फायर रिवाल्वर या देसी कट्टे से होना प्रतीत हुआ है। शनिवार को राजेश के बयान पर कोतवाली थाने में बाइक सवार अज्ञात लोगों पर हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट का केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर र्दी।
विज्ञापन

सीआईए और सिटी थाना पुलिस मिलकर करेंगी जांच
शुक्रवार देर रात हुई वारदात के बाद शनिवार सुबह टीमों ने साइबर क्राइम एक्सपर्ट डॉ. जीआर जैन की टीम के साथ घटनास्थल का मुआयना किया। इस दौरान कार से एक कटी-फटी गोली (सिक्का) मिला, जोकि कार की खिड़की के पिल्लर से टकराकर दो हिस्सों में बंटी थी। आरोपियों की पहचान के लिए सीआईए-वन इंस्पेक्टर केवल सिंह, सीआईए-टू इंस्पेक्टर अमन कुमार, कोतवाली थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमार, चौकी नंबर तीन इंचार्ज एएसआई नवतेज सिंह व साइबर टीमों ने आवागमन के रास्तों पर लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। कुछ दिनों में शहर व छावनी में लगातार बढ़ रही फायरिंग व गैंगवार की घटनाओं से लोग दहशत में हैं।
यह है मामला
राजेश ने बताया कि रात करीब साढ़े दस बजे वे सेंट्रो कार में होटल से सेक्टर-सात स्थित घर के लिए चले थे। अग्रसैन चौक से बाइक सवार दो युवक उसके पीछे-पीछे चलने लगे। उनमें से एक ने सिटी प्लाजा के सामने बाई तरफ से कार रोकने का इशारा किया। उन्हें लगा कि शायद कोई रास्ता जानना चाहता होगा। उन्होंने कार साइड पर रोक ली। बाइक के पीछे बैठा युवक नीचे उतरकर खिड़की के पास आया। खिड़की खुलते ही उसने फायरिंग कर दी। गोली लगने से उनके माथे से खून बहने लगा, उसके बाद उन्हें केवल इतना ध्यान रहा कि कुछ लोग उसे अस्पताल ले गए। राजेश के मुुताबिक उनकी किसी से रंजिश नहीं है। वह बदमाशों को सामने आने पर पहचान सकता है।
विज्ञापन

रिवॉल्वर या देसी कट्टे से चली गोली
बताया जा रहा कि यदि रिवाल्वर या देसी कट्टे से गोली चले तो उसके खोल अंदर ही रह जाते हैं जबकि पिस्टल से गोली चलने पर खोल बाहर गिर जाते हैं। खोल से जो गोली निकलती है, उसे फायर्ड बुलेट या फिर गोली सिक्का बोलते हैं। इस मामले में कार से कटा-फटा गोली सिक्का मिला है, लेकिन खोल नहीं। संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता कि वारदात में रिवाल्वर या देसी कट्टे का प्रयोग किया गया।
कपड़ा मार्केट में 90 फीसदी सीसीटीवी मिले बंद
सूत्रों के अनुसार पुलिस को घटनास्थल के पास की दुकानों की सीसीटीवी मिली लेकिन जब तह तक जाने के लिए कपड़ा मार्केट के सीसीटीवी चेक किए तो उनमें से 90 फीसदी दुकानदारों के कैमरे बंद मिले। पूछने पर पता चला कि पिछले कुछ समय से बाजार में शॉर्ट सर्किट के कारण हुई आगजनी की घटना को देखते हुए सभी रात के समय कैमरे बंद करके जाते हैं।
गोलीकांड में बदमाशों की पहचान की कोशिश जारी
कोतवाली थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश के अनुसार सीआईए व साइबर टीमों की मदद से बाइक सवार बदमाशों की पहचान के प्रयास जारी हैं। सीसीटीवी में कुछ संदिग्ध दिखे हैं। राजेश ने किसी पर शक नहीं जताया लेकिन इतना जरूर कहा कि किसी ने रंजिश निकाली या फिर निकलवाई। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें