संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। कलेरा गांव में सैर पर निकले एक दंपती पर तीन युवकों ने लाठी-डंडों और तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पीड़िता सोनिया रानी ने पुलिस को बताया कि 7 अक्तूबर की रात वह अपने पति सुभाष चंद और बच्चों के साथ गांव की फिरनी पर सैर कर रही थीं।
उसी दौरान गांव के सुखचैन, मनदीप सिंह और राजिंदर ने पुरानी रंजिश में उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने सुभाष चंद पर लाठी-डंडों और तेजधार हथियारों से वार किए। पति को बचाने आईं सोनिया रानी पर भी तेजधार हथियार से हमला हुआ, जिससे उनके हाथ में गंभीर चोटें आईं। सुभाष चंद के सिर पर भी गंभीर प्रहार किए गए। हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। शोर सुनकर ग्रामीणों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए।
सोनिया रानी ने 8 अक्तूबर को थाना नग्गल में दरख्वास्त दी और एमएलआर पेश की। डॉक्टरों ने दोनों घायलों की चोटों को गंभीर श्रेणी का बताया। एक्सरे रिपोर्ट मिलने और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर जुर्म प्रमाणित पाया गया। जांच अधिकारी सोनू कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है।