अंबाला सिटी। सिटी बस स्टैंड पर बुधवार को बेरहमी से की गई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने पंजाब के हंडेसरा थाना के गांव से आरोपी दंपति को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी आशु गिरफ्त से बाहर चल रहा है। पुलिस ने गिरफ्तार दंपति की निशानदेही पर हत्या के दौरान इस्तेमाल किए गए कस्सियों के बींडो को भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने वीरवार को दंपति का मेडिकल कराने के बाद उनको वीरवार को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने पति को एक दिन के रिमांड पर और उसकी पत्नी को जेल भेज दिया गया है।
ऐसे रची साजिश
जानकारी देेते हुए पुलिस कमिश्नर अजय सिंघल ने बताया कि कैथल के हरीगढ़ किंगन निवासी बलजीत सिंह चीका में केबल ऑपरेटर था। चीका की रहने वाली पूजा की शादी गांव टरड़क थाना हड़ेसरा जिला मोहाली में कृष्ण के साथ करीबन एक साल पहले हुई थी। पूजा के मुताबिक वह बलजीत सिंह को शादी से पहले जानती थी। शादी होने के बाद बलजीत सिंह अक्सर उसको परेशान करता था। उसने यह बात अपने पति को बताई। इस पर पति कृष्ण ने पूजा से बलजीत सिंह को अंबाला बुलाने को कहा। पूजा ने बलजीत सिंह को फोन किया और कहा कि वह अंबाला में अकेली है और तुम आ जाओ। जब बलजीत पूजा से मिलने आया तो पूजा के पति कृष्ण और उसके पड़ोसी आशु ने सिर में कस्सी के बिंड़ो से मारमारकर बलजीत को अधमरा कर दिया।
पुलिस के अनुसार सिटी नदी मोहल्ला के रहने वाले गौरव शर्मा (चश्मदीद गवाह)ने बताया कि जब वह बस स्टैंड की कार पार्किग में बैठा था तो उसने देखा कि दो व्यक्ति एक व्यक्ति को राड से अंधाधुध मार रहे हैं। जब वह अन्य व्यक्तियों के साथ मदद के लिए पहुंचा तो आरोपी रेलवे लाइन की ओर भाग गए। इसके बाद लोगों ने एनआरएचएम के कंट्रोल रूम में 102 नंबर पर फोन किया और मौके पर पहुंचा एंबुलेंस चालक घायल बलजीत सिंह को शहर सिविल अस्पताल में लेकर आया था जहां डाक्टराें ने व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच के लिए स्पेशल टीम बनाई गई थी। जिसने वीरवार सुबह ही दंपति को गिरफ्तार कर लिया। वहीं अभी पुलिस तीसरा आरोपी आशु को पुलिस तलाश कर रही है।