नारायणगढ़। राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 73 शहजादपुर-साहा मार्ग पर स्थित सादिकपुर मोड़ पर लोहे की चादरों से भरे ट्रक में अचानक आग लग गई। आग से ट्रक के केबिन के साथ ही वहां रखी हजारों रुपए की नगदी भी जल गई।
जानकारी के अनुसार ट्रक में हिमाचल प्रदेश के बद्दी से लोहे की चादरें भरकर चालक कृष्ण कुमार निवासी कडौला जिला हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश) महाराष्ट्र की ओर जा रहा था। इसी दौरान सादिकपुर मोड़ के नजदीक ट्रक में आई तकनीकी खराबी के चलते उसने ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और वह शहजादपुर में कुछ स्पेयर पार्ट्स लेने चला गया। बकौल कृष्ण कुमार जब वह वापस आया तब तक ट्रक पूरी तरह जल गया था।
कृष्ण कुमार के अनुसार उसके ट्रक के केबिन में 30 हजार रु पये की नगदी थी जो ट्रक के मलकीयत संबंधी कागजों सहित आग की भेंट चढ़ गई। शहजादपुर थाना प्रभारी मेहर सिंह ने बताया कि नियंत्रण कक्ष से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फायर बिग्रेड को सूचना देने के साथ-साथ स्वयं भी आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन तब तक केबिन जल चुका था।