संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। गली-मोहल्लों में खुली डेयरियों से सफाई व्यवस्था प्रभावित होने से नाराज वार्ड पार्षद अब लामबद्ध होने लगे हैं। इस हालात से लगातार बिगड़ रही सफाई व्यवस्था से वे डेयरी संचालकों के प्रति रोष जता रहे हैं।
उन्होंने नगर परिषद की अध्यक्ष के समक्ष इस समस्या को उठाया था, बावजूद इसके नगर परिषद की तरफ से कोई भी कार्यवाही नहीं की गई। इसलिए अब वार्ड पार्षदों ने नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी को चेतावनी दी है कि या तो वो व्यवस्था में सुधार करें, अन्यथा उन्हें एकजुट होकर कोई बड़ा फैसला लेना पड़ेगा।
कार्यकारी अधिकारी ने तैयार किए प्रस्ताव : नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी ने वार्ड पार्षदों से मिली शिकायत के बाद चार प्रकार का प्रस्ताव तैयार किया है। इस प्रस्ताव के तहत पहले डेयरी संचालकों को मौखिक तौर पर चेतावनी दी जाएगी। िफर नोटिस और तीसरे चरण में गोबर निस्तारण के प्रबंधों की जानकारी ली जाएगी। चौथे चरण में डेयरी को सील करने और जुर्माने की कार्यवाही की जाएगी। इस दौरान डेयरी संचालकों को एक विकल्प भी दिया जाएगा। इसमें गोबर उठाने का कार्य नगर परिषद द्वारा करवाया जाएगा, लेकिन इसका शुल्क डेयरी संचालकों को देना होगा।
ग्वाल मंडी से होगी शुरुआत : छावनी के ग्वाल मंडी में गोबर के निस्तारण की समस्या काफी गंभीर है। कार्यकारी अधिकारी ने प्रबुद्ध लोगों को मंत्रणा के लिए बुलाया था और उन्हें चारों प्रस्तावों के बारे में जानकारी दी गई है। लोगों ने चारों प्रस्ताव को सुनने के बाद कुछ समय मांगा था जो कि अब खत्म हो चुका है।