अंबाला। जनता कर्फ्यू सोमवार को भी जारी रहेगा। ट्विन सिटी के तमाम बाजारों के साथ कस्बों के बाजार भी पूरी तरह शटडाउन रहेंगे। होटल-ढाबे व रेस्टोरेंटस खोलने पर भी रोक लगाने का फैसला किया गया है। सिर्फ माल ढुुलाई से जुड़े वाहनों को भी चलाने की छूट मिली है। डीसी अशोक शर्मा ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि सोमवार को भी कोरोना वायरस की वजह से एतिहात के तौर पर सभी बाजार व अंबाला रोडवेज समेत दूसरे प्राइवेट वाहन भी बंद करने का फैसला लिया गया है।
सहयोग के लिए लोगों का जताया आभार
डीसी अशोक शर्मा ने बताया कि जरूरी कार्य में लगे ट्रांसपोर्ट वाहनों को छोड़कर अन्य सभी वाहन भी बंद रहेंगे। उन्होंने जनता कर्फ्यू में सहयोग देने वाले लोगों का भी आभार जताया है। उन्होंने कहा कि शाम 5 बजे लोगों ने तालियां, शंख, थालियां के माध्यम से उन सभी का हौसला बढ़ाया जो संकट की इस घड़ी में कोरोना वायरस को खत्म करने के लिए कार्य कर रहें हैं। डीसी ने कहा कि 23 मार्च को जिले में बसें नहीं चलेंगी। इसके साथ-साथ जरूरी कार्य में लगे ट्रांसपोर्ट वाहनों को छोड़कर कर बाकी सभी वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने लोगों से इसमें सहयोग देने का आग्रह किया है। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र व उससे जुड़े क्षेत्र के लोगों से अपील की है वे सोमवार को एतिहात के तौर पर कोई भी निर्माण कार्य न करें।
सब्जी मंडियों में भी ठप रहेगा काम
बाजारों के साथ जिले की सब्जी मंडियां भी सोमवार को बंद रहेंगी। लगातार दूसरे दिन भी लोग जरूरत की चीजें नहीं खरीद पाएंगे। सब्जी मंडियों के अलावा मॉल, रेस्टोरेंट व होटलों के खोलने पर भी पूरी तरह पाबंदी लगाई गई है। दूसरे दिन भी लोगों को घरों में ही कैद होने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। डीसी अशोक शर्मा ने बताया कि कोरोना वायरस की वजह से लगातार दूसरे दिन भी बाजार पूरी तरह बंद रहेंगी। जरूरी लोडिंग वाहनों को छोड़कर अन्य सभी वाहनों के चलने पर पूरी तरह प्रतिबंद रहेगा। उधर होलसेल कपड़ा मार्केट को पहले ही 26 मार्च तक बंद रखने का फैसला लिया गया है।