अंबाला। देश की साफ-स्वच्छ और सुरक्षित कहीं जाने वाले प्रीमियम ट्रेन शताब्दी पर भी कोरोना का खतरा मंडरा रहा है। यात्रियों ने जहां कोरोना से बचने के लिए शताब्दी में सफर करने पर भी रोक लगा दी है तो वहीं रेलवे की तरफ से किए जा रहे सुरक्षा प्रबंधों की पोल भी खुल गई है। ट्रेन के किसी भी शौचालय में सेनिटाइजर की व्यवस्था ही नहीं की गई।
कोरोना को लेकर रेलवे द्वारा लगातार उचित प्रबंधों का विस्तार किया जा रहा है। स्टेशन और ट्रेनों को लगातार सेनिटाइज करने का कार्य जारी है। लेकिन इसके बाद भी यात्रियों में खौफ का माहौल है और यात्री अब सफर करने से कतरा रहे हैं। गुरुवार सुबह छावनी रेलवे स्टेशन पर आई ट्रेन नंबर 12046 चंडीगढ़-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस में यह हालात देखने को मिले। जहां काफी कम संख्या में यात्री सफर कर रहे थे और इनमें से भी अधिकांश यात्रियों ने चेहरे पर मास्क पहना हुआ था।
10 कोच में से 3 खाली, 7 आधे भरे
चंडीगढ़ से नई दिल्ली के बीच चलने वाली शताब्दी दोपहर लगभग 12.40 पर छावनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म 1 पर पहुंची। ट्रेन में एक एग्जीक्यूटिव कोच के साथ 9 चेयरकार के कोच लगे हुए थे। लेकिन इसमें से 3 कोच बिल्कुल ही खाली थे और 7 कोच में सिर्फ आधी सीटें ही भरी हुईं थीं।
770 खाने होते हैं तैयार सिर्फ लोड हुए 330
शताब्दी में सफर करे वाले यात्रियों की संख्या दिन-प्रतिदिन कम हो रही है। रेलवे से प्राप्त जानकारी अनुसार रोजाना शताब्दी में छावनी रेलवे स्टेशन से 770 प्लेट दोपहर के खाने की लोड होती थी जो अब घटकर 330 के करीब रह गई हैं।
वापसी में सिर्फ 90 यात्री
यात्रियों से भरी रहने वाली शताब्दी भी अब खाली चलेगी। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि नई दिल्ली से चंडीगढ़ के बीच चलने वाली ट्रेन नंबर 12045 शताब्दी एक्सप्रेस में शाम को सिर्फ 90 ही यात्री सफर कर रहे थे।
शौचालय में नहीं सेनेटाइजर
रेलवे ने ट्रेन में तैनात टीटीई, पैंट्री कर्मी व अन्य स्टॉफ के लिए मास्क और गलफज का प्रबंध कर दिया है, लेकिन 10 कोच वाली शताब्दी ट्रेन के किसी भी शौचालय में सेनिटाइजर उपलब्ध नहीं था।
बरत रहे चौकसी
शताब्दी में सफर करने वाले यात्रियों को सुरक्षित सफर प्रदान करने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं। ट्रेन में तैनात स्टॉफ को विशेष हिदायत दी गई है कि अगर कोई बीमार यात्री नजर आता है तो तुरंत इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दें। शौचालय में हाथ धोने के लिए लिक्विड रखा गया है जो यात्रियों के लिए सुरक्षित है।
-हरि मोहन, वरिष्ठ वाणिज्य अधिकारी अंबाला मंडल।