एक सप्ताह पूरा होते ही जिले में एक बार फिर से कोरोना ने दस्तक दे दी। अब अंबाला शहर के सबसे पॉश एरिया में शामिल मॉडल टाउन में 22 वर्षीय एमबीए पास युवक को कोरोना मिला है। युवक चंडीगढ़ की एक दवा कंपनी में इंटरर्नशिप कर रहा था। इसके अलावा इनकी काला आम्ब में खुद की दवा फैक्ट्री के अलावा मंडौर में प्रिंटिंग प्रैस भी है। जैसे ही युवक के परिजनों को पता चला कि उनका बेटा कोरोना पॉजिटिव आया है उन्होंने कोरोना पॉजिटिव के ताया और ताई को छत के जरिए पड़ौसियों के घर से बाहर निकाल दिया ताकि किसी को यही नहीं पता चले कि घर में उनके अलावा कोई और भी रहता था। स्वास्थ्य विभाग की टीम जब परिजनों के पास पहुंची तो उन्होंने युवक के संपर्क में आने वाले सभी लोगों के मोबाइल नंबर तक गलत दे दिए। इस तरह टीम पूरे दिन उन्हें ढूंढने के लिए भटकती रही। यदि बुधवार तक परिजनों ने सही जानकारी नहीं दी तो उनके खिलाफ स्वास्थ्य विभाग केस दर्ज करवाएगा। पहले दिन पीड़ित के संपर्क में आने वाले 30 लोगों के सैंपल कर उन्हें क्वारंटीन कर दिया गया। बता दें कि युवक का तीन दिन पहले भी कोरोना टेस्ट करवाया गया था जोकि नेगेटिव आया था। लेकिन पंचकूला के प्राइवेट अस्पताल में जब दोबारा से टेस्ट हुआ तो वह कोरोना पॉजिटिव पाया गया।
पड़ोसियों ने उगला राज, चौकीदार को भी छिपाया: जब स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पड़ोसियों से पूछताछ की तो उन्हें राज उगल दिए। कहा कि सर हमारे भी टेस्ट करवा दें जिनके घर से कोरोना पॉजिटिव केस मिला है उन्होंने अपने भाई- भाभी को हमारे ही घर से बाहर निकाला था। इतना ही नहीं जब शाम के समय दोबारा स्वास्थ्य विभाग की टीम उनके घर पहुंची तो वहां चौकीदार भी मिला। चौकीदार ने कहा कि वह तो कालाआम्ब फैक्ट्री में काम करता है। इस तरह उसके सैंपल भी लिया जबकि सुबह तक उसके बारे में भी कोई जानकारी नहीं दी गई।