अंबाला सिटी। गौरसियां गांव में शव को छोड़ने के लिए गए एंबुलेंस चालक अजीत सैनी व ईएमटी यादविंद्र पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। हमले में दोनों के कपड़े फट गए जबकि एंबुलेंस के शीशे टूट गए । बड़ी मुश्किल से कर्मचारी अपनी जान बचाकर भागे। इसके बाद कर्मचारियों ने सीएमओ को मामले की सूचना दी। फिर हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई के लिए नग्गल पुलिस को शिकायत दी गई। हालांकि अभी तक किसी पर केस दर्ज नहीं हुआ है।
दरअसल हादसे में गौरसियां के लक्ष्मण सिंह की मौत हो गई। हादसे के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मृतक का कोरोना टेस्ट करवाया। जिसमें मृतक की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। इसके बाद शव को एंबुलेंस की मदद से गांव ले जाया गया। यहां ग्रामीणों ने जबरन एंबुलेंस रोककर शव को नीचे उतारने का प्रयास किया। मृतक की रिपोर्ट पॉजिटिव होने की बात सुनकर ग्रामीण भड़क गए। ग्रामीणों ने चालक अजीत पर हमला कर दिया। साथ ही एंबुलेंस का शीशा भी तोड़ दिया। कर्मचारियों को जान बचाकर मौके से भागना पड़ा। सीएमओ डॉक्टर कुलदीप सिंह ने कहा कि पुलिस को सूचना दी गई है। हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज दर्ज करवाया जाएगा।