अंबाला सिटी। गीता नगरी रोड स्थित औद्योगिक क्षेत्र में तीन चोरों ने केबल फैक्टरी से करीब 5 लाख रुपये का कच्चा माल चोरी कर लिया। एक्टिवा सवार तीन शातिर चोर पहचान छिपाने के लिए मुंह पर कपड़ा लपेट कर आए हुए थे।
चोरों की ये वारदात फैक्टरी में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। हालांकि चोरों की जैसे ही सीसीटीवी पर नजर पड़ी थी तो उन्होंने वारदात के बीच में ही डीवीआर की सप्लाई काट दी ताकि उनकी भागते हुए की फुटेज न आ सके। बलदेव नगर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
हरिद्वार गए थे मालिक, ऊपर क्वार्टरों में सो रहे थे मजदूर : मॉडल टाउन निवासी आशीष सचदेवा ने पुलिस को बताया कि उनकी गोपी मिक्सी फैक्टरी के पास ए ए अलोएस के नाम से केबल बनाने की फैक्टरी है। 9 फरवरी की रात करीब 8 बजे वर्कर फैक्टरी को ताला लगाकर ऊपर बने क्वार्टरों में सोने चले गए थे।
अगले दिन सुबह सुपरवाइजर अंकुश पहुंचा तो साथ वाले गेट का ताला टूटा मिला व अंदर से भारी मात्रा में कॉपर व टिन रॉड गायब थे। आकर फैक्टरी की फुटेज खंगाली तो पता चला कि रात के समय एक एक्टिवा पर सवार होकर तीन युवक आए थे। एक्टिवा फैक्टरी से काफी दूर खड़ी की व पैदल ही गेट तक पहुंचे। नकाबपोश चोरों ने रॉड की मदद से ताला तोड़ा व बैगों में तांबां भरकर ले गए। संवाद