कोरोना से जूझ रहे जिलेवासियों के लिए राहत भरी खबर है। जिले में मई माह में पहली बार संक्रमण दर 4.37 प्रतिशत दर्ज की गई, जोकि मई माह में सबसे कम रही। इतना ही नहीं जिले में मंगलवार को मात्र 124 नए केस मिले। हालांकि मौत का सिलसिला अभी थमता नजर नहीं आ रहा है। जिले में मंगलवार को पांच लोगों की कोरोना से मौत हुई। लगातार मौत होने के कारण मृत्यु दर अब बढ़कर 1.56 प्रतिशत हो चुकी है, जोकि अब तक का रिकॉर्ड है। जिले में अब तक कोरोना से 458 लोगों की जान जा चुकी है। जिले में इस समय 208 एक्टिव कंटेनमेंट जोन की संख्या हो गई है।
जिले में बेडों की स्थिति
जिले में इस समय ज्यादातर सभी अस्पतालों में 70 फीसदी बेड खाली हो चुके हैं। जिले के सरकारी अस्पतालों में इस समय मात्र 103 मरीज ही ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं, जबकि 22 वेंटिलेटर पर। इस तरह सरकारी अस्पतालों में ही पर करीब 300 बेड खाली हो चुके हैं, जबकि सरकारी अस्पतालों में इस समय करीब 14 वेंटिलेटर भी खाली हो गए हैं। इसी तरह मुलाना मेडिकल कालेज में भी इस समय करीब 180 बेड खाली हो चुके हैं। हालांकि यहां अभी भी सभी आईसीयू बेड फुल हैं। जिलेभर में इस समय 600 से ज्यादा ऑक्सीजन बेड खाली हो गए हैं।
मई माह में कोरोना की स्थिति
मई माह में जिले में कोरोना से 217 लोगों की जान जा चुकी है। इस महीने 65337 कोरोना के सैंपल लिए गए हैं। इनमें से 3512 की रिपोर्ट आना बाकी है, जबकि 8110 इनमें से संक्रमित मिल चुके हैं। मई माह में अब तक 9954 को डिस्चार्ज भी किया जा चुका है। मई माह में संक्रमण दर 15.89 तक पहुंच चुकी थी जोकि गिरकर अब करीब 11 फीसदी हो चुकी है। जिले में मई माह में 65990 को पहली और 36629 को दूसरी डोज लग चुकी है।
जिले में कोरोना की अब तक की यह है स्थिति
जिले में कोरोना के मरीज तेजी के साथ ठीक होकर घर जा रहे हैं। लगातार ठीक हो रहे मरीजों के कारण जिले में कोरोना से रिकवरी आंकड़ा अब बढ़कर दोबारा 93.87 फीसदी पर पहुंच चुका है। मंगलवार को एक ही दिन में 206 मरीज ठीक होकर घर लौटे हैं। इस जिले में अब तक 27191 मरीज कोरोना की जंग जीत चुके हैं। इस समय जिले में महज 1318 मरीज ही एक्टिव हैं।
यहां से आए मंगलवार को नए केस
अंबाला शहर एरिया से 41, अंबाला छावनी से 21, शहजादपुर से 12, मुलाना से 22, बराड़ा से 01 और चौड़मस्तपुर से 27, नारायणगढ़ से कोई केस सामने नहीं आया। इनमें से सेक्टर-7 अंबाला शहर, सेक्टर-9 अंबाला शहर, महेश नगर, दुर्गा नगर अंबाला छावनी, जंडली, वीटा कॉलोनी अंबाला शहर, डिसेंट कॉलोनी अंबाला शहर, जलबेहड़ा रोड अंबाला शहर, टाल्कीस रोड अंबाला सिटी से 2-2, सेक्टर 10 अंबाला शहर, लाल कुर्ती अंबाला छावनी, बादशाही बाग अंबाला शहर और नग्गल से 3-3, कालपी मुलाना से 5, फतेहपुर शहजादपुर से 7, गीता नगर अंबाला शहर, पटेल नगर अंबाला शहर, काजीवाड़ा अंबाला शहर, राधा-कृष्ण बाजार अंबाला शहर और रामनगर अंबाला शहर से 1-1 और अन्य जगहों से नए केस आए।
जिले में सैंपलिंग की स्थिति
जिले में अब तक 387429 सैंपल लिए जा चुके हैं। इनमें से 57087 सैंपल एंटिजन किट से लिए गए हैं, जबकि 330342 आरटीपीसीआर से लिए गए हैं। इनमें से 7.55 प्रतिशत यानी 28967 संक्रमित मिल चुके हैं। जिले में प्रति 10 लाख की आबादी पर 343465 सैंपल लिए जा चुके हैं।
वैक्सीनेशन की अब तक की स्थिति
जिले में अब तक 396208 टीके लग चुके हैं। इनमें से 99087 को दूसरी डोज लग चुकी है, जबकि 297121 को पहली डोज लगी है। मंगलवार को जिलेभर में मात्र 1192 टीके ही लग पाए। इनमें से 547 को दूसरी और 645 को पहली डोज लगी। 18-44 आयुवर्ग के 575 लोगों को मंगलवार को टीका लग पाया। 45-60 आयुवर्ग के 35 और इसी आयुवर्ग में 233 को दूसरा टीका लग सका। 60 से अधिक आयुवर्ग में 5 को पहला और 255 को दूसरा टीका लगा। कई सेंटरों पर वैक्सीन खत्म होने के कारण लोगों को निराश लौटना पड़ा।