माई सिटी रिपोर्टर
अंबाला। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष रामकिशन गुर्जर ने मंगलवार को सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना इस्तीफा पत्र कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को भेजा। अहम बात यह है कि अपने एक पेज के पत्र में रामकिशन ने पदों का त्याग करने के लिए किसी प्रकार का कारण साझा नहीं किया है। इसके बाद उन्होंने अपना फोन भी बंद कर लिया। उनके करीबियों से मिली जानकारी के बाद यही पता चल रहा है कि क्रॉस वोटिंग के आरोपों के कारण उन्हें इस प्रकार का कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
हालांकि एक-दो दिन में वह स्थिति स्पष्ट करेंगे। रामकिशन सिरसा सांसद कुमारी सैलजा के गुट से माने जाते हैं। उनकी पत्नी शैली चौधरी नारायणगढ़ से दो बार से विधायक हैं। उन्होंने पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार पवन सैनी को शिकस्त दी थी। वहीं रामकिशन गुर्जर भी नारायणगढ़ से विधायक रह चुके हैं। उनकी विधायक पत्नी के इस्तीफे की चर्चा भी आ रही है मगर उनके परिजनों ने इस बात से साफ इन्कार कर दिया।