अंबाला कैंट। छावनी स्थित लार्ड महावीर जैन पब्लिक स्कूल के छात्र विश्वास ने शहर में होेने वाली राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल कर अपने स्कूल का नाम रोशन किया। वहीं, प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले छात्र को स्कूल प्रबंधक कमेटी की ओर से बधाई दी गई।
इस दौरान स्कूल प्रिंसिपल रुचि शर्मा ने बताया कि यह प्रतियोगिता शहर के पुलिस डीएवी पब्लिक स्कूल में आयोजित करवाई गई थी। इसमें जींद, भिवानी, कुरुक्षेत्र, पानीपत व अंबाला के छात्रों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया था। जिसमें लार्ड महावीर जैन पब्लिक स्कूल के आठवीं कक्षा के छात्र विश्वास ने विभिन्न मुकाबलों में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया।
प्रतियोगिता के अंत में विश्वास को पुलिस अधिक्षक ओम प्रकाश खुराना द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया था। जबकि स्कूल की प्रिंसिपल ने बताया कि छात्र विश्वास पहले भी फरीदाबाद में होने वाली किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल कर अपने स्कूल का नाम चमका चुका है। विश्वास की इस उपलब्धि को देखते हुए स्कूल प्रिंसिपल, अध्यक्ष आई के जैन व अन्य स्टाफ सदस्यों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।