नारायणगढ़। समाधान शिविर का आयोजन सोमवार को उपमण्डल स्तर पर किया गया। शिविर में एसडीएम शिवजीत भारती ने समस्याएं सुनीं। फतेहपुर-126 के करनैल सिंह ने मकान को नुकसान पहुंचा रहे पेड़ों की कटाई की मांग की तो गांव भरेड़ी कलां के श्योराम ने अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई। वहीं, छोटी बस्सी के ग्रामीणों ने गली पक्की करवाने का मुद्दा उठाया। एसडीएम ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को फाइलों में उलझने के बजाय धरातल पर समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
शिविर में बुजुर्गों की पेंशन और परिवार पहचान पत्र में त्रुटियों के मामले प्रमुखता से छाए रहे। भूरेवाला और दूधली गांव के बुजुर्गों ने पेंशन संबंधी दिक्कतें साझा कीं। वहीं, पीपीपी में गलत बिजली बिल और अधिक आय दर्ज होने जैसी शिकायतों पर एसडीएम ने तुरंत सुधार के आदेश दिए। वार्ड-14 निवासी सुरेंद्र कुमार ने हैप्पी कार्ड और अपनी पुत्री के आधार कार्ड में सुधार का आग्रह किया, जिस पर एसडीएम ने विभागीय कर्मचारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।