सोमवार को दस साल में पहली बार सीएम अंबाला सिटी पहुंचकर अंबाला के विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। शहर विधायक विनोद शर्मा से सीएम हुड्डा की दोस्ती टूटने के बाद पहली बार ऐसा हो रहा है, जब सीएम खुद विकास कार्यों को देखना चाहते हैं। अब तक ये काम शहर विधायक विनोद शर्मा करते आ रहे थे।
लेकिन इस दोस्ती में दरार की वजह से शहर में विकास का बंटाधार हो गया है। विकास काम ठप हो जाने से लोगों को खासी परेशानी हो रही है।
अफसर उठाएंगे ये मुद्दा
सीएम जब विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे तो जिले के अफसर इन मुद्दों को सीएम के समक्ष उठाएंगे। अफसर सीएम के समक्ष अधर मे लटके सीवरेज के लिए सौ करोड़ की मांग, शहर के बस स्टैंड के लिए जमीन को फाइनल करना, गर्ल्स कालेज के लिए फंड उपलब्ध करवाना और इसके लिए जमीन फाइनल करना इत्यादि शहर से जुड़े जनहित के कई मुद्दों को सीएम के समक्ष उठाएंगे ताकि सीएम इन सभी को हर झंडी देकर इन पर काम शुरू करवाएं।
फ्रीहोल्ड का भी उठेगा मुद्दा
कैंट के कांग्रेसी पिछले कई सालों से लटके पडे़ सदर क्षेत्र को फ्रीहोल्ड करने का मुद्दा भी सीएम के समक्ष उठाने वाले हैं। नगर परिषद की पूर्व चेयरमैन व महिला कांग्रेस की अध्यक्ष नीलम शर्मा के अनुसार वे इस मांग को सीएम के समक्ष प्रमुखता से रखेंगी। उनके अनुसार जब इसका पूरा मसौदा तैयार हो चुका है। विशेष कमेटी ने इस पर अपनी राय दे दी है, तो सरकार की ओर से अब सदर को फ्रीहोल्ड करने के बारे में अधिसूचना जारी करने में देरी नहीं करनी चाहिए। यही मुद्दा इस बार कांग्रेस के लिए छावनी विधानसभा चुनाव में बड़ा मुद्दा बनेगा।
गांधी मैदान मे हेलीपैड तैयार
सीएम के आगमन को लेकर पुलिस की निगरानी में सुबह से गांधी मैदान में हैलीपेड बनाने का काम जारी रहा। शनिवार को बारिश की वजह से मैदान गीला हो गया था। इसलिए सूखी मिट्टी से मैदान ठीक किया गया और देरशाम तक हैलीपेड तैयार किया गया।