अंबाला। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वस्थ हरियाणा समृद्ध हरियाणा अभियान के तहत प्रदेश को 105 करोड़ रुपये की 9 स्वास्थ्य परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी है। पंचकूला से वीसी के जरिए हुए इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम के तहत अंबाला सिटी के नागरिक अस्पताल में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया।सीएम ने बताया कि आमजन को आधुनिक चिकित्सा देने के लिए इस वर्ष स्वास्थ्य बजट 5 गुना बढ़ाकर 14,007 करोड़ रुपये किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी नागरिक अस्पतालों में स्वस्थ नारी सशक्त परिवार महिला क्लीनिक का उद्घाटन और अमृत फार्मेसी का शिलान्यास किया गया।
अंबाला में विधायक शैली चौधरी, पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी और डीसी अजय सिंह तोमर की मौजूदगी में चांदसोली पीएचसी, मच्छौंडा, बनौंदी व रायवाली उप-स्वास्थ्य केंद्रों के नए भवनों और ईसीजी मशीन का उद्घाटन हुआ। डॉ. पवन सैनी ने कहा कि आयुष्मान व चिरायु योजना से गरीबों को मुफ्त इलाज मिल रहा है। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. रेणू बेरी सहित कई वरिष्ठ डॉक्टर मौजूद रहे।