संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। सीएम फ्लाइंग ने शनिवार दोपहर को शहर की अनाज मंडी में दबिश दी। टीम ने मंडी में लगाए गए इलेक्ट्राॅनिक कांटों को चैक किया तो छह आढ़तियों पर इलेक्ट्रानिक कांटा नजर नहीं आया। निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि आढ़ती पुराने कांटे से ही बोरियों का तौल करते नजर आए। अब इस मामले को लेकर मार्केट सचिव को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि सरकार के आदेश का पालन हो सके, हालांकि इस दौरान टीम को बोरियों के वजन में खामी नजर नहीं आई। इस मौके पर अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। सीएम फ्लाइंग को सूचना मिली थी कि अनाज मंडी में इलेक्ट्रानिक कांटे का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है, इस कारण बोरियां के वजन में भी गड़बड़ी हो सकती है। इसलिए यह निरीक्षण किया गया।
सुचारू रूप से चला कार्य
जिले की मंडियों में बारिश के बाद शनिवार को कार्य सुचारू रूप से शुरू हुआ। जिले में 173,310.34 मीट्रिक टन की आवक हुई, इसमें से 146,076.60 मीट्रिक टन की खरीद हुई। सीएम फ्लाइंग के निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि सरकार के निर्देश पर अनाजमंडी में इलेक्ट्राॅनिक कांटों की जांच की गई थी। इस दौरान सब इंस्पेक्टर बलविंदर, परविंदर व एएसआई सुखविंदर सहित नापतोल विभाग से निरीक्षक दिलीप आदि मौजूद रहे। उनकी निगरानी में अनाज मंडी में कांटों तथा धान की बोरियों को जांचा गया।
तीन घंटे तक चला निरीक्षण
सीएम फ्लाइंग की टीम ने लगभग तीन घंटे तक अनाजमंडी का निरीक्षण किया। टीम शनिवार दोपहर लगभग तीन बजे अनाजमंडी में विभागीय अधिकारियों के साथ पहुंच गई थी। टीम ने आधा दर्जन स्थानों पर दस्तक देकर यह निरीक्षण किया। सीएम फ्लाइंग ने धान की बोरियों का तौल भी किया। अब सीएम फ्लाइंग की टीम निरीक्षण की रिपोर्ट बनाकर मुख्यालय को भेजेगी।
अंबाला सिटी की अनाजमंडी में जांच करती सीएम फ्लाइंग की टीम। संवाद