अंबाला सिटी। सुबह ही मौसम में बदलाव आने से ठंडक हो गई। हल्की धुंध छाने के साथ ही बादल छा गए और ठंडी हवा भी चली, जिससे मौसम बदल गया। सुबह के समय मौसम में ठंडक रही। करीब 11 बजे के बाद धूप आने से गर्मी बढ़ गई। रविवार को अधिकतम तापमान 36.2 और न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 7 अक्तूबर तक बारिश हो सकती है। इसको देखते हुए किसानों की चिंता भी बढ़ गई है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि राज्य में 5 से 7 अक्तूबर के दौरान ज्यादातर क्षेत्रों में हवा व गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ एक क्षेत्रों में तेज बारिश की संभावना बन रही है। इससे दिन के तापमान में हल्की गिरावट और रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन 8 अक्तूबर दोपहर बाद से मौसम साफ हो जाने और हवा में फिर से बदलाव उत्तर व उत्तर पश्चिमी होने से तापमान में गिरावट होने की संभावना है।